कुरुक्षेत्र में आधी रात को दुकान में लगी भीषण आग, लाखों रुपये के मोबाइल जलकर हुए खाक
May 16, 2026 10:31 AM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के इस्माईलाबाद में गुरुवार की रात एक व्यापारी के लिए काली रात साबित हुई। यहां बस स्टैंड के ठीक पास स्थित एक मोबाइल की दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से भयानक आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते या आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर कोयला हो चुका था। गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
5 लाख रुपये का नुकसान, नए-पुराने फोन और कीमती फिटिंग स्वाहा
पीड़ित दुकानदार सन्नी भांवरा ने बताया कि दुकान बंद करके घर जाने के कुछ देर बाद ही उन्हें दुकान से धुआं और लपटें उठने की जानकारी मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप ले चुकी थी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी डाला और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सन्नी के मुताबिक, दुकान में रखे बिक्री के लिए नए मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए पुराने फोन और दुकान के अंदर करवाई गई महंगी इंटीरियर फिटिंग सब कुछ इस आग की भेंट चढ़ गए। शुरुआती आकलन में करीब पांच लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।
एसोसिएशन आया आगे, पीड़ित व्यापारी के लिए सरकारी मदद की मांग
देर रात मचे इस दंगल के बाद शुक्रवार सुबह बाजार के अन्य दुकानदार भी पीड़ित के समर्थन में इकट्ठा हुए। इस्माईलाबाद की मोबाइल एसोसिएशन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि एक छोटे व्यापारी के लिए पांच लाख रुपये का नुकसान बहुत बड़ी चोट है। व्यापारियों ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से मांग की है कि मौके का मुआयना कर पीड़ित दुकानदार सन्नी भांवरा को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वह अपना रोजगार दोबारा शुरू कर सके।