कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के वीसी गाड़ी छोड़ पैदल पहुंचे दफ्तर, पीएम मोदी की अपील का दिखा बड़ा असर
May 16, 2026 10:50 AM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कैंपस में शुक्रवार की सुबह आम दिनों से थोड़ी अलग और खास थी। रोज सरकारी गाड़ी से दफ्तर पहुंचने वाले विश्वविद्यालय के कुलगुरु (वीसी) प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा आज पैदल ही अपने कार्यालय की तरफ बढ़ रहे थे। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की थी। इसी राष्ट्रीय आह्वान को जमीन पर उतारने के लिए कुलगुरु ने खुद से इस अभियान की शुरुआत की है।
देशहित में छोटी-छोटी आदतें बदलने की जरूरत, युवाओं से की खास अपील
रास्ते में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए प्रोफेसर सचदेवा ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी मांग बन चुका है। हमें अपनी सुख-सुविधाओं से थोड़ा बाहर निकलकर राष्ट्रहित में छोटे-छोटे प्रयास करने होंगे। उन्होंने कैंपस के युवाओं से अपील की कि वे मोटरसाइकिल या कार का मोह छोड़ें और छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल या पैदल चलने को अपनी आदत बनाएं। इससे न केवल देश के बहुमूल्य ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण को भी जहरीले धुएं से बचाया जा सकेगा।
सेहत भी सुधरेगी और देश का पैसा भी बचेगा, मुहिम को आगे बढ़ाने की तैयारी
इस पहल को सिर्फ एक दिन का सांकेतिक कदम न मानकर इसे एक बड़े अभियान में बदलने की तैयारी है। कुलगुरु ने कहा कि पैदल चलने और साइकिल चलाने जैसी पारंपरिक आदतें सेहत के लिहाज से भी बेहतरीन हैं, जिससे आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में एक स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर उनके साथ डीन ऑफ कॉलेजिज प्रोफेसर ब्रजेश साहनी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर एआर चौधरी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार, बलजीत और पंकज सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षाकर्मी भी कदम से कदम मिलाते नजर आए।