हरियाणा में मौसम का तांडव: गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आज फिर गिरेंगे ओले
Apr 04, 2026 10:21 AM
हरियाणा। हरियाणा में कुदरत के तेवर फिलहाल नरम होते नहीं दिख रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में आज मौसम विभाग ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इन जिलों में न केवल तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा है, बल्कि ओलावृष्टि की भी पूरी आशंका बनी हुई है। वहीं, हिसार, रोहतक और अंबाला समेत राज्य के बाकी हिस्सों में 'येलो अलर्ट' जारी कर प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।
किसानों पर टूटा दुखों का पहाड़, फसलें हुई तबाह
इस बेमौसमी बरसात और ओलावृष्टि ने सबसे गहरा जख्म हरियाणा के अन्नदाता को दिया है। कल सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में हुई मूसलाधार बारिश ने खेतों को तालाब बना दिया। नूंह और फरीदाबाद में तो ओलों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही मिनटों में सड़कें और खेत बर्फ की सफेद चादर से ढक गए।
कटाई के मुहाने पर खड़ी गेहूं की पकी हुई फसलें जमीन पर बिछ गई हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस बारिश से न केवल पैदावार घटेगी, बल्कि अनाज की गुणवत्ता (लस्टर लॉस) पर भी बुरा असर पड़ेगा, जिससे किसानों को मंडियों में उचित दाम मिलना मुश्किल हो जाएगा।
7 अप्रैल से फिर बिगड़ेगा मौसम, जारी रहेगा दौर
राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए मौसम विशेषज्ञों की भविष्यवाणी चिंता बढ़ाने वाली है। डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, 7 अप्रैल से एक नया और अधिक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर 9 अप्रैल तक दिल्ली-NCR और पूरे हरियाणा में दिखाई देगा।
इस दौरान तेज अधड़ चलने और व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही इस गतिविधियों के चलते अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही लोगों को मई वाली गर्मी के बजाय ठिठुरन का अहसास होने लगा है।