Search

हरियाणा में फिर करवट लेगा मौसम: सिरसा-अंबाला समेत इन 5 जिलों में बारिश का अलर्ट

Apr 11, 2026 9:58 AM

हरियाणा। हरियाणा में इस बार अप्रैल की शुरुआत उम्मीद के उलट रही है। जहां इस समय चिलचिलाती धूप परेशान करती थी, वहीं बादलों की आवाजाही ने सूरज के तेवर नरम कर रखे हैं। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है। इसके असर से सिरसा, फतेहाबाद और उत्तर हरियाणा के पंचकुला, अंबाला व यमुनानगर जिलों में कहीं-कहीं छींटे पड़ सकते हैं। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन आसमान में बादलों का डेरा बना रहने से धूप की तपिश कम महसूस होगी।

किसानों की बढ़ी परेशानी, पछेती गेहूं पर संकट

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने हरियाणा के अन्नदाता की रातों की नींद उड़ा दी है। खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी गेहूं की फसल को पिछले स्पेल ने काफी चोट पहुंचाई है। विशेषकर पछेती गेहूं के दानों में कालापन आने की खबरें हैं, जिससे मंडियों में फसल की सही कीमत और पैदावार दोनों घटने का डर है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि कई इलाकों में जमीन अब भी गीली है, जिसके चलते कंबाइन चलाने में दिक्कत आ रही है और गेहूं की जड़ें उखड़ने से काफी नुकसान हो रहा है।

15 अप्रैल के बाद दिखेगा गर्मी का असली रूप

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि फिलहाल 11 अप्रैल को सक्रिय होने वाला सिस्टम बहुत ज्यादा ताकतवर नहीं है। यह केवल आंशिक बादलवाही और हल्की बूंदाबांदी तक सीमित रहेगा। लेकिन राहत के ये दिन अब गिनती के ही बचे हैं। 15 अप्रैल के बाद वायुमंडल में नमी कम होगी और आसमान पूरी तरह साफ होते ही पारा छलांग लगाएगा। अगले सप्ताह से लू के थपेड़ों और बढ़ते तापमान के लिए प्रदेशवासियों को तैयार रहना होगा।

फिलहाल सुबह-शाम बनी हुई है हल्की ठंडक

बारिश के बाद तापमान सामान्य से नीचे गिरने के कारण सुबह के समय चलने वाली ठंडी हवाएं लोगों को हल्की सिहरन का अहसास करा रही हैं। हालांकि, दिन के समय धीरे-धीरे गर्मी पैर पसार रही है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले 4 दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। इसके बाद ही प्रदेश में लू और भीषण गर्मी के दौर की आधिकारिक शुरुआत होगी, जिससे लोगों को दोपहर के समय घरों में कैद होने पर मजबूर होना पड़ेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!