हरियाणा वेदर अपडेट: अगले 48 घंटे भारी, आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी
Mar 29, 2026 9:51 AM
हरियाणा। चंडीगढ़ समेत पूरे हरियाणा में कुदरत के बदलते तेवरों ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। कल दोपहर तक जहां चिलचिलाती धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए थे, वहीं शाम ढलते ही आसमान में बादलों के डेरे और ठंडी हवाओं ने फिजा बदल दी। मौसम विभाग की मानें तो यह महज राहत की शुरुआत नहीं है, बल्कि आने वाले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं। विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने और धूल भरी आंधी को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी कर दिया है।
60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, ओलावृष्टि का भी डर
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो खड़ी फसलों के लिए काल साबित हो सकती है। उत्तर हरियाणा से लेकर दक्षिण हरियाणा के जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम का यह बदलाव न केवल गर्मी से राहत देगा, बल्कि रात के तापमान में भी 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अन्नदाता पर संकट: कटाई और मड़ाई रोकने की सलाह
खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल को लेकर किसान अब असमंजस में हैं। कृषि विशेषज्ञों और मौसम विभाग ने साफ तौर पर किसानों को आगाह किया है कि वे फिलहाल फसलों में सिंचाई और किसी भी तरह के रसायनों का छिड़काव न करें। आंधी और बारिश की स्थिति में गेहूं और अन्य फसलों के बिछने का खतरा रहता है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूरी तरह साफ होने तक कटाई और मड़ाई का काम टाल दें, ताकि मेहनत की कमाई को भीगने या बर्बाद होने से बचाया जा सके।
नूंह रहा सबसे गर्म, अब मिलेगी तपिश से मुक्ति
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो हरियाणा के दक्षिणी जिलों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। नूंह जिला 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि भिवानी, हिसार और महेंद्रगढ़ में भी पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। करनाल और सिरसा जैसे इलाकों में तापमान 31 से 32 डिग्री के बीच झूल रहा है। हालांकि, आज से शुरू होने वाली बारिश और तेज हवाओं के बाद उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।