चंडीगढ़: हरियाणा में एक बार फिर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश भर में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने लगी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान में औसतन 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह गिरावट मौसमी रूप से सामान्य है, लेकिन कई जिलों में तापमान अपेक्षा से तेजी से नीचे आया है, जिससे ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस सोनीपत जिले के सरगथल कैनाल रेस्ट हाउस में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने एहतियात के तौर पर 10 जिलों में ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट और 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में शीत लहर का प्रभाव अधिक रहने की संभावना जताई गई है। आज सुबह कोहरे का असर अपेक्षाकृत कम देखने को मिला, जिसके कारण कई जिलों में सुबह से ही धूप निकल आई। धूप निकलने के बावजूद शीत लहर के कारण दिन के समय भी ठंड का अहसास बना रहा। खासतौर पर सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड का असर बने रहने की संभावना जताई है और लोगों को गर्म कपड़े पहनने तथा सतर्क रहने की सलाह दी है।