हाथरस में स्टेज पर बदतमीजी करने वाले को डांसर डिंपल चौधरी ने सिखाया सबक, सरेआम जड़ दिया थप्पड़
Jun 05, 2026 5:07 PM
हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के स्टेज शो में अपनी खास पहचान बना चुकीं डांसर डिंपल चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई डांस वीडियो नहीं बल्कि उनका बेबाक और कड़ा तेवर है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान डिंपल के साथ मंच पर ही एक युवक ने बदतमीजी करने की कोशिश की। फिर क्या था, खुद को 'कमजोर अबला' समझने के बजाय डिंपल ने आव देखा न ताव, बीच महफिल में ही उस रईसजादे के गाल पर करारा तमाचा जड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
3 जून की रात. जब 'गंडास' गाने पर चल रहा था स्टंट
मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली डिंपल चौधरी ने इस पूरे घटनाक्रम को साझा करते हुए बताया कि वाकया 3 जून की रात का है। हाथरस के एक इलाके में किसी शख्स ने अपनी बेटी के जन्मदिन पर रागनी और डांस प्रोग्राम रखा था। रात करीब 10 बजे डिंपल मंच पर पहुंची थीं, जहां शिवानी और कोमल चौधरी जैसे कई नामचीन कलाकार पहले से परफॉर्म कर रहे थे।
रात के करीब ढाई बजे जब डिंपल मशहूर हरियाणवी गाने ‘गंडास’ पर थिरक रही थीं, तभी आयोजकों का एक करीबी रिश्तेदार मंच पर चढ़ आया। डांस के दौरान उसने गलत नीयत से डिंपल की कमर को छू लिया। डिंपल ने बताया, "मुझसे यह बर्दाश्त नहीं हुआ और मैंने तुरंत उसे थप्पड़ मार दिया। कलाकार लोगों के मनोरंजन के लिए मंच पर आते हैं, अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई हमारी अस्मत और सम्मान के साथ खिलवाड़ करे।"
थप्पड़ के बाद थमा नहीं बवाल, चल गए डंडे
डिंपल के इस तीखे एक्शन के बाद महफिल का मिजाज तुरंत बदल गया। डिंपल ने हाथ में माइक थामकर उस युवक को पूरी भीड़ के सामने लताड़ा। इस थप्पड़ कांड के बाद कार्यक्रम स्थल पर जबरदस्त अफरा-तफरी मच गई। बात इतनी बढ़ गई कि आयोजकों और दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए वहां मौजूद लोगों को डंडे तक चलाने पड़े। जब डिंपल से पूछा गया कि क्या वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई करेंगी? तो उन्होंने दोटूक कहा, "मैंने मौके पर ही उसका हिसाब चुकता कर दिया, इसलिए पुलिस के पास जाने का कोई इरादा नहीं है।"
जागरण के 500 रुपये से लेकर स्टारडम तक का सफर
डिंपल ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि साल 2018 में जब उनके घर के माली हालात बेहद खराब थे, तब उन्होंने इस क्षेत्र में कदम रखा था। शुरुआत में परिवार इस काम के खिलाफ था, लेकिन डिंपल की जिद और मेहनत के आगे उन्हें झुकना पड़ा। उन्होंने कोरोना काल के दौरान ही अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
करियर की शुरुआत उन्होंने माता के जागरणों में भजन गाकर की थी, जहां उन्हें एक प्रोग्राम के महज 500 रुपये मिलते थे। आज अपनी मेहनत के दम पर वे दो घंटे के एक शो के लिए करीब 40 हजार रुपये तक की फीस लेती हैं।
"यह मेरी रोजी-रोटी है, दुनिया का काम तो कहना है"
सोशल मीडिया पर अक्सर होने वाली ट्रोलिंग और अश्लील डांस के आरोपों पर भी डिंपल ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "यह मेरी रोजी-रोटी है और इसी से मेरा परिवार पलता है। लोग मेरे काम को पसंद करते हैं, तभी दूर-दूर से मुझे बुलाते हैं। जिन्हें अच्छा नहीं लगता, वे शो छोड़कर जा सकते हैं। दुनिया का काम तो सिर्फ बातें बनाना है, मुझे इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। हरियाणा और यूपी के लोग मुझे देखने बड़े चाव से आते हैं, और मेरे लिए उनका यही प्यार काफी है।"