Haryanvi Dancer Slaps Youth: स्टेज पर कमर छूने वाले को हरियाणवी डांसर ने सिखाया सबक
Jun 08, 2026 11:55 AM
हरियाणा। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक स्टेज शो के दौरान हरियाणवी डांसर के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। रविवार को पीड़िता ने खुद हाथरस पहुंचकर सासनी कोतवाली में अपने बयान दर्ज कराए, जिसके बाद पुलिस ने हरकत में आते हुए अज्ञात हुड़दंगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह पूरी घटना बीती 3 जून की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही लगातार चर्चा में बना हुआ था।
जन्मदिन पार्टी में पहुंचे मनचले ने पार की थीं हदें, मंच पर ही मिला करारा जवाब
दरअसल, 3 जून को यह हरियाणवी कलाकार हाथरस के सासनी इलाके में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में अपनी प्रस्तुति देने आई थीं। आरोप है कि डांस के दौरान कार्यक्रम में शामिल एक युवक बार-बार मंच पर चढ़कर व्यवधान डाल रहा था। डांसर द्वारा साझा किए गए वीडियो के अनुसार, आरोपी ने पहली बार में उनकी ड्रेस के भीतर गलत नीयत से पैसे ठूंसने की कोशिश की। हद तो तब हो गई जब दूसरी परफॉर्मेंस के दौरान उसी युवक ने दोबारा स्टेज पर आकर डांसर की कमर को छू लिया। इस अश्लील हरकत पर सब्र का बांध टूटते ही डांसर ने बिना वक्त गंवाए मंच पर ही उस मनचले को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया और माइक पर ही उसकी क्लास लगा दी।
'शौक से नहीं, मजबूरी में करती हूं डांस'— ट्रोलर्स को दिया मुंहतोड़ जवाब
इस घटना के बाद जहां एक तरफ उन्हें समर्थन मिल रहा है, वहीं कुछ लोग सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी कर रहे थे। ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए डांसर ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा, "मुझे स्टेज पर नाचने का कोई शौक नहीं है, मैं यह काम सिर्फ अपने परिवार का पेट पालने के लिए करती हूं। इसी से मेरा घर चलता है। अगर मुझे सिर्फ पैसों का ही लालच होता, तो मेरी बहन जो मुझसे भी ज्यादा खूबसूरत है, वह भी आज मेरे साथ इसी प्रोफेशन में खड़ी होती।"
आत्मसम्मान की इस जंग में मांगा समाज का साथ
पीड़िता ने बेहद तल्ख अंदाज में कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनकी अपनी नहीं है, बल्कि उन तमाम बेटियों और कलाकारों की है जो सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की दरिंदगी और बदसलूकी का शिकार होती हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "मैं उन कमजोर लोगों में से नहीं हूं जो ऐसे हालातों से डरकर खुद को खत्म कर लें, बल्कि मैं इन दरिंदों को कानूनी रूप से खत्म करना चाहती हूं। आज अगर समाज एक बेटी के आत्मसम्मान के लिए उठ खड़ा होगा, तो किसी की हिम्मत ऐसी हिमाकत करने की नहीं होगी। आज मैं इस दौर से गुजरी हूं, कल को किसी और की बेटी भी हो सकती है।" फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक की शिनाख्त करने में जुटी है।