Search

नकलचियों पर बोर्ड सख्त: भिवानी-रोहतक में छापेमारी, एक ही कमरे से 7 केस मिलने पर सुपरवाइजर सस्पेंड

Mar 14, 2026 3:48 PM

हरियाणा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की 12वीं कक्षा और डी.एल.एड की परीक्षाओं में नकल रोकने के दावों के बीच शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार के फ्लाइंग स्क्वाड ने अलग-अलग केंद्रों पर दबिश देकर नकल के 13 मामले पकड़े हैं। इस कार्रवाई की सबसे बड़ी गाज चरखी दादरी के एक परीक्षा केंद्र पर तैनात महिला पर्यवेक्षक पर गिरी है, जिन्हें ड्यूटी में कोताही बरतने के चलते तुरंत कार्यभार मुक्त कर दिया गया।

चेयरमैन के विशेष दस्ते की ताबड़तोड़ छापेमारी

शुक्रवार को समाजशास्त्र (Sociology), उद्यमिता और डी.एल.एड की परीक्षा आयोजित की गई थी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार खुद मैदान में उतरे और उनके विशेष आर.ए.एफ. उड़नदस्ते ने भिवानी, चरखी दादरी और रोहतक के संवेदनशील परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग केंद्रों से नकल के 9 मामले रंगे हाथों पकड़े, जिससे परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप मच गया।

एक ही कमरे में 7 नकलची, पर्यवेक्षक अपर्णा पर गिरी गाज

बोर्ड की सख्ती का सबसे बड़ा उदाहरण चरखी दादरी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (मिसरी-1) में देखने को मिला। यहां परीक्षा ड्यूटी पर तैनात पर्यवेक्षक अपर्णा के कमरे में जांच के दौरान एक साथ 7 परीक्षार्थी नकल करते पाए गए। एक ही ब्लॉक से इतनी बड़ी संख्या में केस मिलने को बोर्ड ने सुपरवाइजर की बड़ी लापरवाही माना। डॉ. पवन कुमार ने कड़ा संज्ञान लेते हुए पर्यवेक्षक को तत्काल प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त करने के आदेश जारी कर दिए।

540 केंद्रों पर 16 हजार से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा

आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को प्रदेशभर में बनाए गए 540 केंद्रों पर 12वीं और डी.एल.एड की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की कोशिश की गई। इस परीक्षा में कुल 16,162 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। बोर्ड चेयरमैन ने साफ कर दिया है कि नकल पर नकेल कसने के लिए आने वाले दिनों में उड़नदस्तों की सक्रियता और बढ़ाई जाएगी। लापरवाही बरतने वाले स्टाफ और नकल करने वाले छात्रों पर किसी भी सूरत में रहम नहीं बरता जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!