Search

हरियाणा बोर्ड रिजल्ट अपडेट: जानें किस दिन आएगा 10वीं और 12वीं का परिणाम

Apr 27, 2026 10:44 AM

हरियाणा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। भिवानी बोर्ड ने वार्षिक परीक्षा परिणाम जारी करने का रोडमैप तैयार कर लिया है। बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा के मुताबिक, कापियों के मूल्यांकन का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है और 2 मई तक मार्किंग पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद डेटा फीडिंग और नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि मई के दूसरे सप्ताह में नतीजों का ऐलान किया जा सके।

कॉलेज दाखिलों की राह होगी आसान, पहले आएगा 12वीं का रिजल्ट

बोर्ड प्रबंधन ने फैसला लिया है कि स्नातक (Graduation) प्रथम वर्ष में दाखिले की समयसीमा और छात्रों की जरूरत को देखते हुए इस बार 12वीं कक्षा का रिजल्ट प्राथमिकता के आधार पर घोषित होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि 12 से 15 मई के बीच सीनियर सेकेंडरी का परिणाम आउट कर दिया जाएगा। इसके ठीक बाद हाईस्कूल यानी 10वीं का रिजल्ट आएगा। इस साल परीक्षाओं में कुल 5,21,795 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10वीं में 2,78,334 और 12वीं में 2,43,461 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

नकल पर नकेल: बोर्ड ने रचा इतिहास, इन जिलों में जीरो केस

इस साल की बोर्ड परीक्षाओं ने अनुशासन के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बोर्ड चेयरमैन के अनुसार, प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब पूरी परीक्षा के दौरान नकल के महज 300 केस ही पकड़े गए। जिलों की बात करें तो यमुनानगर और अंबाला में शुचिता की मिसाल पेश करते हुए नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया। वहीं कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद में सिर्फ 1-1 मामला दर्ज हुआ। हालांकि, नूंह जिले में नकल के सबसे ज्यादा 74 केस मिले हैं। पकड़े गए इन सभी केसों की सुनवाई 29 अप्रैल को बोर्ड मुख्यालय में होगी।

2 मई के बाद शुरू होगा अंतिम चरण का काम

बोर्ड ने साफ किया है कि 2 मई को मार्किंग खत्म होने के बाद परिणाम को अंतिम रूप देने के लिए करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। इसमें विद्यार्थियों के अंकों का मिलान और तकनीकी जांच की जाएगी ताकि रिजल्ट में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। बोर्ड के इस त्वरित एक्शन से उन हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी जो आगे प्रतियोगी परीक्षाओं या उच्च शिक्षा के लिए अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों में आवेदन करने की योजना बना रहे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!