हिसार में NH-52 पर तीन बाईपास का प्रस्ताव, मुकलान और चौधरीवास को मिलेगा फायदा
Mar 08, 2026 11:27 AM
चंडीगढ़। हरियाणा के हिसार जिले से गुजरने वाले NH-52 पर वाहन चालकों के लिए राहत की तैयारी शुरू हो गई है। मुकलान, सरसौद-बिचपड़ी और चौधरीवास गांव के पास बाईपास निर्माण का प्रस्ताव नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को भेजा गया है। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की शुक्रवार को हुई बैठक में NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विपिन मंगला ने यह जानकारी हिसार लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश उर्फ जेपी को दी।
बैठक में बताया गया कि यह प्रस्ताव करीब दो साल से लंबित है। सांसद जयप्रकाश ने अधिकारियों से कहा कि इन परियोजनाओं से जुड़ी फाइलें उन्हें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वह इस मुद्दे को संसद में उठा सकें और काम में तेजी लाई जा सके।
मुकलान, सरसौद-बिचपड़ी और चौधरीवास में बाईपास की योजना
NH-52 हिसार जिले का प्रमुख हाईवे है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। कई गांवों के बीच से गुजरने के कारण ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है और हादसों का खतरा भी बना रहता है। प्रस्तावित बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों को गांवों के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए सड़क पार करना और रोजमर्रा की आवाजाही अधिक सुरक्षित हो सकेगी।
मैयड़ में बाईपास की जरूरत नहीं
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद जयप्रकाश ने गांव मैयड़ में बाईपास निर्माण को लेकर भी सवाल उठाया। इस पर NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विपिन मंगला ने स्पष्ट किया कि मैयड़ के लिए कोई अलग प्रस्ताव नहीं है।
उन्होंने बताया कि हिसार में प्रस्तावित रिंग रोड बनने के बाद भारी वाहन सीधे बाईपास मार्ग से गुजरेंगे, इसलिए मैयड़ में अलग बाईपास की आवश्यकता नहीं रहेगी।
जुगलान के पास व्हीक्युलर अंडरपास का टेंडर जारी
NH-52 पर गांव जुगलान के पास व्हीक्युलर अंडरपास बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस परियोजना का टेंडर जारी कर दिया गया है और इसे इसी महीने खोला जाएगा। अंडरपास बनने से स्थानीय लोगों और किसानों को हाईवे पार करने में सुविधा मिलेगी। अभी कई जगहों पर सीधे हाईवे पार करना जोखिम भरा होता है।
सड़कों की हालत पर सांसद ने उठाए सवाल
बैठक के दौरान सांसद जयप्रकाश ने हरियाणा में सड़कों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक टोल टैक्स हरियाणा में वसूला जा रहा है, लेकिन कई जगहों पर सड़कें खराब हैं और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सांसद ने हिसार से दिल्ली के बीच हाईवे की खराब हालत और हांसी-बरवाला सड़क मार्ग की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। इस पर अधिकारियों ने भरोसा दिया कि हांसी से बरवाला सड़क मार्ग को 15 दिन के भीतर दुरुस्त कर दिया जाएगा।