HKRN Jobs: हरियाणा कौशल रोजगार निगम में ड्राइवर कम डिलीवरी बॉय की भर्ती, 18 मार्च तक करें आवेदन
Mar 09, 2026 11:27 AM
हरियाणा। हरियाणा में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए नई भर्ती का मौका आया है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत ड्राइवर कम डिलीवरी बॉय के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस भर्ती के तहत कुल 50 पद भरे जाएंगे और चयनित उम्मीदवारों को दिल्ली और गुरुग्राम में काम करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती संविदा यानी कॉन्ट्रैक्ट आधार पर की जा रही है। आवेदन प्रक्रिया 5 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 18 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
50 पदों पर भर्ती, 22 हजार रुपये तक वेतन
इस भर्ती अभियान के तहत ड्राइवर कम डिलीवरी बॉय के कुल 50 पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को लगभग 22,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा और इसके साथ इंसेंटिव भी मिल सकता है।
नौकरी का स्थान मुख्य रूप से दिल्ली और गुरुग्राम निर्धारित किया गया है। ऐसे में गुरुग्राम और आसपास के जिलों के युवाओं के लिए यह अवसर खास माना जा रहा है।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
इन पदों के लिए उम्मीदवार का कम से कम 8वीं या 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास एलएमवी ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए और चार पहिया वाणिज्यिक वाहन चलाने का 1 से 2 वर्ष का अनुभव भी होना चाहिए।
डिलीवरी और ड्राइविंग से जुड़े काम का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को इस भर्ती में प्राथमिकता मिल सकती है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। सभी श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन करते समय 236 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।उम्मीदवारों को आवेदन करते समय अपनी फोटो, हस्ताक्षर, जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और यदि लागू हो तो जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
चयन प्रक्रिया और इंटरव्यू स्थान
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू, स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
इंटरव्यू का स्थान प्लॉट नंबर 9, गली नंबर 11, आदर्श नगर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद-121004 निर्धारित किया गया है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन जरूर देखना चाहिए।