Search

HCS प्रीलिम्स का रिजल्ट आउट: मात्र 1,243 अभ्यर्थी हुए सफल, जानें कब होगी मुख्य परीक्षा

May 05, 2026 10:02 AM

हरियाणा। हरियाणा में प्रशासनिक अफसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने सोमवार को हरियाणा सिविल सर्विसेज (HCS) एवं अन्य 102 पदों के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। 26 अप्रैल को प्रदेश के 8 जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई इस परीक्षा में भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन सफलता का ग्राफ काफी नीचे रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो करीब 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी, जिनमें से आयोग ने केवल 1,243 उम्मीदवारों को ही मुख्य परीक्षा (Mains) के योग्य माना है।

हजारों ओएमआर शीट खारिज, ओएमआर की त्रुटियां पड़ीं भारी

रिजल्ट के साथ ही आयोग ने उन कमियों का भी खुलासा किया है जिनकी वजह से कई अभ्यर्थियों का सपना टूट गया। परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों उम्मीदवारों की ओएमआर शीट में तकनीकी गलतियां पाई गईं, जिसके चलते उन्हें मूल्यांकन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, सुबह के सत्र यानी पेपर-1 की 2,199 ओएमआर शीट और शाम के सत्र (CSAT) की 3,189 ओएमआर शीट को खारिज कर दिया गया। यह उन छात्रों के लिए बड़ा सबक है जो गोला भरने या रोल नंबर लिखने जैसी बुनियादी गलतियों के कारण मेरिट की दौड़ से बाहर हो गए।

27 जून से मेंस का रण, नए परीक्षा पैटर्न से बढ़ेगी चुनौती

प्रीलिम्स की बाधा पार करने वाले 1,243 अभ्यर्थी अब 27 से 29 जून के बीच होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस बार एचसीएस मेंस का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। आयोग ने पुराने ढर्रे को छोड़ते हुए अब वैकल्पिक विषयों (Optional Subjects) की अनिवार्यता खत्म कर दी है। अब अभ्यर्थियों को कुल 600 अंकों की परीक्षा देनी होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन (GS) के 4 पेपर होंगे। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी निबंध के लिए 100-100 अंक निर्धारित किए गए हैं। यह बदलाव उन छात्रों के लिए बराबरी का मैदान तैयार करेगा जो पहले विषयों के चयन को लेकर असमंजस में रहते थे।

चयन प्रक्रिया का अंतिम पड़ाव: अगस्त में इंटरव्यू की तैयारी

मुख्य परीक्षा के बाद आयोग का लक्ष्य तेजी से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का है। मेंस में सफल होने वाले उम्मीदवारों को साक्षात्कार (Interview) के लिए बुलाया जाएगा, जिसका आयोजन अगस्त या सितंबर महीने में होने की प्रबल संभावना है। इसके तुरंत बाद फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी और साल के अंत तक 102 पदों पर नियुक्तियां दे दी जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को एसडीएम, डीएसपी और ईटीओ जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलेगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!