Search

HPSC PGT कंप्यूटर साइंस परीक्षा की तारीख घोषित, जानें किस दिन होगा पेपर और क्या है नया शेड्यूल

Apr 01, 2026 10:53 AM

हरियाणा। हरियाणा में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने पीजीटी कंप्यूटर साइंस की परीक्षा तिथि का ऐलान कर दिया है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 10 मई को प्रदेश भर के विभिन्न केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, आयोग ने अभी तक परीक्षा केंद्रों की सटीक संख्या और स्थान साझा नहीं किए हैं, लेकिन शेड्यूल जारी होने से उन हजारों अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है जो लंबे समय से तैयारी में जुटे थे।

अजब-गजब भर्ती: पहली पूरी हुई नहीं और दूसरी का बजा बिगुल

HPSC के इतिहास में शायद यह पहला मौका है जब एक ही पद के लिए पहली भर्ती प्रक्रिया मुकम्मल होने से पहले ही दूसरी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया गया। जानकारों का कहना है कि पिछली भर्ती में लागू किए गए '35 प्रतिशत' के कड़े क्राइटेरिया ने खेल बिगाड़ दिया था। साल 2023 की भर्ती में करीब 5 हजार युवा परीक्षा में बैठे थे, लेकिन नतीजा इतना चौंकाने वाला रहा कि महज 39 कैंडिडेट ही पासिंग मार्क ला सके। इसी कारण खाली रह गए 1672 पदों पर आयोग ने आनन-फानन में नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पदों का गणित: हरियाणा और मेवात कैडर में बंपर वैकेंसी

इस नई भर्ती के तहत पदों का वर्गीकरण भी स्पष्ट कर दिया गया है। हरियाणा कैडर के कुल 1594 पदों में से सामान्य श्रेणी के लिए 859, एससी के लिए 327, बीसीए के लिए 163, बीसीबी के लिए 82 और ईडब्ल्यूएस के लिए 163 पद आरक्षित किए गए हैं। वहीं, मेवात कैडर के 78 पदों में 43 जनरल, 15 एससी, 8 बीसीए, 4 बीसीबी और 8 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए रखे गए हैं। हालांकि, इस नई भर्ती में एससी पदों के विस्तृत वर्गीकरण को लेकर कुछ अभ्यर्थी संशय में हैं और आयोग से स्पष्टीकरण की मांग कर रहे हैं।

शोर-शराबे से पहले आयोग की तैयारी

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले गुटों में इस बात की चर्चा आम है कि पिछली परीक्षा के कड़े नियमों की वजह से युवाओं में काफी रोष था। युवाओं के इस संभावित विरोध और शोर-शराबे से पहले ही आयोग ने नए पदों का विज्ञापन निकालकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। अब सारा दारोमदार 10 मई की परीक्षा पर है। अभ्यर्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती फिर से वही 35 प्रतिशत के बैरियर को पार करने की होगी, जिसने पिछली बार मेधावी छात्रों के पसीने छुड़ा दिए थे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!