नशा तस्करों पर नकेल कसने की तैयारी: HSNCB भरेगा सिपाहियों के खाली पद
Mar 13, 2026 11:58 AM
हरियाणा। हरियाणा में नशा तस्करों के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए गठित 'हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो' (HSNCB) अब अपने मैनपावर को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। मधुबन (करनाल) स्थित ब्यूरो मुख्यालय की ओर से सिपाहियों के रिक्त पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) ने इस संबंध में राज्य की सभी पुलिस इकाइयों, जिला कप्तानों और बटालियन प्रमुखों को पत्र जारी कर योग्य जवानों के नाम मांगे हैं। दरअसल, ब्यूरो इस समय स्टाफ की भारी किल्लत से जूझ रहा है, जिसका सीधा असर फील्ड ऑपरेशन्स और इंटेलिजेंस गैदरिंग पर पड़ रहा है।
सीधी भर्ती नहीं, पुलिस महकमे के 'एक्सपर्ट्स' को मिलेगा मौका
नारकोटिक्स ब्यूरो की यह भर्ती आम भर्तियों से अलग है। विभाग को ऐसे तेज-तर्रार सिपाहियों की तलाश है जो पहले से ही हरियाणा पुलिस का हिस्सा हैं। जिलों और बटालियनों में तैनात इच्छुक सिपाही प्रतिनियुक्ति के आधार पर ब्यूरो में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। विभाग ने साफ किया है कि उन जवानों को चयन में वरीयता दी जाएगी जिनके पास संगठित अपराध से निपटने, खुफिया जानकारी जुटाने या साइबर एनालिसिस का पिछला अनुभव है। इसके अलावा, जो सिपाही हिंदी और अंग्रेजी में कानूनी रिपोर्ट और प्रस्ताव तैयार करने में माहिर हैं, उनके लिए ब्यूरो के दरवाजे खुले हैं।
45 फीसदी स्टाफ की कमी: काम प्रभावित होने का डर
आंकड़ों पर गौर करें तो HSNCB इस समय आधे-अधूरे स्टाफ के भरोसे चल रहा है। ब्यूरो में डीएसपी से लेकर हवलदार तक कुल 349 पद स्वीकृत हैं, जिनमें 45 पद ग्रुप-डी कर्मचारियों के भी शामिल हैं। विडंबना यह है कि फिलहाल केवल 192 कर्मचारी ही तैनात हैं, जबकि 157 पद अभी भी खाली पड़े हैं। स्टाफ की यह 45 फीसदी कमी ब्यूरो की कार्यक्षमता के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी कमी को दूर करने के लिए अब मधुबन मुख्यालय ने जिलों से सिपाही बुलाने का फैसला लिया है ताकि नशा विरोधी अभियानों को और अधिक धार दी जा सके।
कैसे करें आवेदन? यह है पूरी प्रक्रिया
जो सिपाही नारकोटिक्स ब्यूरो की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे अपने संबंधित यूनिट हेड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भेजने के लिए विभाग ने ईमेल आईडी ncbhry.pol@hry.gov.in जारी की है। इसके अलावा डाक या स्वयं (दस्ती) उपस्थित होकर भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कार्यरत सिपाहियों को इस अवसर के बारे में सूचित करें, ताकि योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें जल्द से जल्द मधुबन में तैनात किया जा सके।