Search

हरियाणा बोर्ड 12वीं रिजल्ट: जींद की तीन बेटियों ने गाड़ा सफलता का झंडा, मेरिट लिस्ट में पाया टॉप स्थान

May 13, 2026 11:02 AM

हरियाणा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जींद जिले में जश्न का माहौल है। इस बार के नतीजों ने साफ कर दिया है कि जींद की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। जिले के छोटे-छोटे गांवों और कस्बों से निकली तीन मेधावी छात्राओं ने अलग-अलग संकायों में प्रदेश स्तर पर टॉप कर जिले का मान बढ़ाया है। गांव काकड़ोद की योगिता, धमतान साहिब की मुस्कान और नरवाना की तमन्ना की इस उपलब्धि ने पूरे प्रदेश में जींद की प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है।

योगिता और मुस्कान का आर्ट्स में 'तीसरा' वार

गांव काकड़ोद के एक किसान परिवार की बेटी योगिता ने आर्ट्स संकाय में 500 में से 497 अंक हासिल कर हरियाणा में तीसरा स्थान पाया है। खास बात यह है कि योगिता ने 10वीं में भी प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया था, जिसे उन्होंने बरकरार रखा। योगिता ने हिंदी, भूगोल और फिजिकल एजुकेशन जैसे विषयों में पूरे 100 अंक बटोरे हैं। वहीं, धमतान साहिब के ज्ञान भारती स्कूल की छात्रा मुस्कान ने भी 497 अंक लेकर प्रदेश में तीसरा स्थान साझा किया है। मुस्कान ने बिना किसी ट्यूशन के रोजाना 6 घंटे पढ़ाई कर यह सफलता पाई। दोनों ही बेटियों का सपना अब आईएएस (IAS) बनकर समाज की सेवा करना है।

कॉमर्स में तमन्ना ने प्रदेशभर में किया टॉप

नरवाना के हरि नगर की रहने वाली तमन्ना ने कॉमर्स संकाय में 494 अंक प्राप्त कर पूरे हरियाणा में पहला स्थान हासिल किया है। एसडी कन्या महाविद्यालय की इस छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया। तमन्ना के पिता अनिल एक साधारण दुकानदार हैं, लेकिन उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। तमन्ना ने बताया कि वे भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना चाहती हैं।

बिना ट्यूशन और बिना सोशल मीडिया के पाई मंजिल

इन तीनों ही टॉपर्स की कहानी में एक बात समान रही—वह है सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी। योगिता और मुस्कान ने बताया कि उन्होंने मोबाइल का इस्तेमाल केवल पढ़ाई के लिए किया। मुस्कान ने तो घर और खेत के काम में हाथ बंटाते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी। रिजल्ट आने के बाद इन छात्राओं के स्कूलों और घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। प्रिंसिपलों और शिक्षकों का कहना है कि इन बेटियों ने न केवल स्कूल, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!