LPG Cylinder घर बैठे कैसे करें बुक, जानें व्हाट्सऐप से लेकर मिस्ड कॉल तक सभी तरीके
Mar 11, 2026 2:23 PM
हरियाणा। देश में रसोई गैस की सप्लाई को लेकर केंद्र सरकार ने अलर्ट जारी किया है। ईरान-अमेरिका तनाव के बीच एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के चलते आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता बनी रहे। ऐसे में हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के लाखों एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए यह जानना जरूरी है कि वे घर बैठे आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
अब गैस एजेंसी जाने या लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं है। मोबाइल फोन के जरिए कुछ मिनट में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग हो जाती है और उपभोक्ता अपनी बुकिंग का स्टेटस भी तुरंत देख सकते हैं।
वेबसाइट और मोबाइल ऐप से बुकिंग
एलपीजी कंपनियों ने उपभोक्ताओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए बुकिंग की सुविधा दी है। इंडेन गैस के उपभोक्ता कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर “बुक योर सिलेंडर” विकल्प से रिफिल बुक कर सकते हैं।
एचपी गैस के ग्राहक HP Pay मोबाइल ऐप या एचपी एनी टाइम आईवीआरएस नंबर 88888 23456 के जरिए बुकिंग कर सकते हैं। वहीं भारत गैस के उपभोक्ता भारत पेट्रोलियम की वेबसाइट के जरिए सीधे गैस रिफिल बुक कर सकते हैं।
थर्ड-पार्टी ऐप से भी हो जाएगी बुकिंग
अब कई डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म भी गैस बुकिंग की सुविधा दे रहे हैं। PAYTM जैसे ऐप पर ‘गैस बुकिंग’ सेक्शन में जाकर उपभोक्ता अपने गैस ऑपरेटर का चयन कर सकते हैं।
इसके बाद कंज्यूमर नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करके ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। भुगतान के तुरंत बाद बुकिंग कन्फर्म हो जाती है और डिलीवरी की जानकारी भी मिल जाती है।
व्हाट्सऐप से भी बुक हो जाएगा सिलेंडर
गैस कंपनियों ने व्हाट्सऐप के जरिए भी बुकिंग शुरू कर रखी है। इंडेन गैस के उपभोक्ता आधिकारिक नंबर 77189 55555 पर मैसेज भेजकर अपनी एलपीजी रिफिल बुक कर सकते हैं।
यह सुविधा पूरी तरह ऑटोमेटेड है और 24 घंटे उपलब्ध रहती है। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को डिजिटल पेमेंट लिंक और डिलीवरी से जुड़ी जानकारी व्हाट्सऐप पर ही मिल जाती है।
एचपी गैस के ग्राहक 92222 01122 नंबर पर “Hi” भेजकर भी बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
मिस्ड कॉल देकर तुरंत बुकिंग
इंडेन गैस उपभोक्ताओं के लिए मिस्ड कॉल सेवा भी उपलब्ध है। उपभोक्ता 84549 55555 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर तुरंत सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
इस सेवा के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बुकिंग की पुष्टि का मैसेज भेजा जाता है।
बुकिंग के लिए ये जानकारी जरूरी
एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए कुछ जरूरी जानकारी तैयार रखनी होती है। इसमें रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और 16 अंकों का एलपीजी आईडी या कंज्यूमर नंबर शामिल है।
अगर ये जानकारी सही है तो उपभोक्ता कुछ ही मिनट में घर बैठे गैस रिफिल बुक कर सकते हैं और डिलीवरी की जानकारी भी मोबाइल पर मिल जाती है।