नारनौल में विदेशी युवती से अभद्रता: 'रील' के लिए पकड़ा हाथ, बोला- पैसे देकर लाया हूं
May 12, 2026 1:12 PM
नारनौल। हरियाणा के नारनौल स्थित प्रसिद्ध खालड़ा मंदिर में एक युवक की 'रील' बनाने की सनक ने पर्यटन और देश की छवि को शर्मसार कर दिया है। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने की चाहत में राजस्थान के झुंझुनू जिले के बुहाना निवासी सचिन नामक युवक ने मंदिर परिसर में घूम रही एक विदेशी युवती के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उसके लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। आरोपी ने विदेशी पर्यटक का हाथ पकड़कर उसे 'सो क्यूट' और 'आई लव यू' कहा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
"पैसे लगाकर लाया हूं"... कैमरे पर की शर्मनाक टिप्पणी
हैरानी की बात यह है कि युवक ने इस बदसलूकी को बड़े गर्व के साथ कैमरे पर रिकॉर्ड करवाया। वीडियो में वह विदेशी युवती की ओर इशारा करते हुए कहता है, "यह रशियन है, पैसे लगाकर लाया हूं, ऐसे ही नहीं आई।" युवक के इस व्यवहार पर युवती असहज नजर आई, हालांकि भाषा समझ न आने के कारण वह केवल हंसती रही। सचिन ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 'रशियन ले ली भाई' कैप्शन के साथ अपलोड किया था। 11 मई तक यह वीडियो उसके प्रोफाइल पर मौजूद था, जिस पर लोगों ने युवक की ओछी मानसिकता को लेकर उसे जमकर लताड़ा।
सोशल मीडिया पर विरोध के बाद रील डिलीट
सचिन के इंस्टाग्राम पर करीब पौने चार हजार फॉलोअर्स हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जब कमेंट सेक्शन में लोगों ने उसे मर्यादा याद दिलाई और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया, तो उसने आनन-फानन में रील डिलीट कर दी। एक यूजर ने सख्त टिप्पणी करते हुए लिखा कि "जिसका तू मोल लगा रहा है, वह भी किसी के परिवार की सदस्य होगी।" विवाद बढ़ता देख युवक ने अब सोशल मीडिया से दूरी बना ली है और संपर्क करने की कोशिशों पर कोई जवाब नहीं दे रहा है।
पुलिस की रडार पर 'इन्फ्लुएंसर', सख्त एक्शन की तैयारी
नारनौल पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। जिला पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो की जानकारी पुलिस तक पहुंच चुकी है। पुलिस अब उस आईडी और लोकेशन का पता लगा रही है जहां से इसे शूट और अपलोड किया गया था। पुलिस का कहना है कि विदेशी मेहमानों के साथ इस तरह का बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी युवक को जल्द ही ट्रेस कर उसे थाने तलब किया जाएगा और कानून के दायरे में सख्त चेतावनी व कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।