NH-48 गुरुग्राम में बड़ा फैसला, मसानी बैराज के पास 2 किमी लंबी नई सड़क को मंजूरी
Mar 07, 2026 3:38 PM
गुरुग्राम में NH-48 पर मसानी बैराज के पास लगने वाला भारी ट्रैफिक जाम जल्द कम हो सकता है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रैफिक दबाव घटाने के लिए दिल्ली से जयपुर दिशा में करीब 2 किलोमीटर लंबी तीन लेन की नई सड़क बनाने की योजना तैयार की है। इस प्रोजेक्ट के लिए वन विभाग से करीब 2.2 एकड़ जमीन मांगी गई है।
दिल्ली-एनसीआर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस हाईवे पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। मसानी बैराज के पास अलग-अलग दिशाओं से आने वाले ट्रैफिक के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
मसानी बैराज पर क्यों लगता है जाम
मौजूदा समय में मसानी बैराज के पास जयपुर से दिल्ली की ओर आने के लिए तीन लेन का हाईवे उपलब्ध है। लेकिन जयपुर की दिशा में जाने के लिए सड़क सिर्फ दो लेन की है।
यहीं पर सोहना से रेवाड़ी की तरफ जाने वाला NH-919 भी आकर मिलता है। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के इस मिलन बिंदु पर ट्रैफिक का दबाव अचानक बढ़ जाता है और कई बार किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है।
तीन लेन की नई सड़क से बदलेगा ट्रैफिक फ्लो
NHAI की योजना के मुताबिक, दिल्ली से जयपुर दिशा में अतिरिक्त तीन लेन की नई सड़क बनाई जाएगी। करीब 2 किलोमीटर लंबा यह नया लिंक रोड मौजूदा हाईवे के ट्रैफिक दबाव को कम करेगा। इस सड़क के बनने से रेवाड़ी और जयपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को अलग रास्ता मिलेगा। इससे मसानी बैराज के पास वाहनों की भीड़ कम होगी और हाईवे पर ट्रैफिक फ्लो ज्यादा सुचारु रहेगा।
रोजाना आने-जाने वालों को होगा सीधा फायदा
गुरुग्राम, मानेसर, रेवाड़ी और सोहना के बीच रोजाना हजारों लोग नौकरी और कारोबार के सिलसिले में सफर करते हैं। सुबह-शाम के समय मसानी बैराज के पास जाम लगने से लोगों का काफी समय बर्बाद होता है।
नई सड़क बनने के बाद यात्रा समय कम होने की उम्मीद है। साथ ही दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी तेज होगी, जिससे क्षेत्रीय कारोबार और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को फायदा मिल सकता है।