Search

नूंह में पुलिस मुठभेड़: 5 हजार का इनामी बदमाश घायल, ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास का था आरोपी

Mar 11, 2026 12:27 PM

नूंह। हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना इलाके में अपराध शाखा और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी आमिर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए पहले सीएचसी पुन्हाना और बाद में नलहड़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया। आरोपी पिछले साल पुन्हाना शहर में ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास के मामले में वांछित था और काफी समय से फरार चल रहा था।

गश्त के दौरान मिली थी बदमाश की सूचना

नूंह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव के अनुसार निरीक्षक संदीप मोर के नेतृत्व में पुन्हाना सीआईए टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट के प्रयास और अवैध हथियार अधिनियम के मामले में वांछित आरोपी आमिर शिकरावा रोड के रास्ते अपनी ससुराल गांव नई की तरफ आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव खेचातान के पास शिकरावा रोड पर नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही की फायरिंग

करीब 15 से 20 मिनट बाद एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक तेज कर दी और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

गोली एएसआई दलवीर के सिर के पास से निकल गई। इसके बाद आरोपी पुन्हाना की तरफ भागने लगा और पुलिस ने सरकारी वाहन से उसका पीछा शुरू कर दिया।

पीछा करते समय बाइक फिसली, फिर हुई जवाबी कार्रवाई

पुलिस के पीछा करने पर आरोपी नाहरपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर मुड़ गया। कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा।

पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में उसके पैरों की तरफ गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

मौके से हथियार बरामद, केस दर्ज

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को काबू कर लिया और उसके पास से हथियार बरामद किया। पूछताछ में उसने अपना नाम आमिर पुत्र इस्माइल निवासी मोहम्मदी नंगला, थाना छतारी जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) बताया।

नाका तोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में पुन्हाना शहर थाने में उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में नया केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि आरोपी पिछले साल से लूट के प्रयास के मामले में फरार था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!