Search

नूंह में धर्मांतरण का दबाव और दुष्कर्म: पंजाब की युवती को ब्लैकमेल करने वाला जहीर गिरफ्तार

Mar 29, 2026 3:52 PM

हरियाणा। हरियाणा का नूंह जिला एक बार फिर गंभीर आपराधिक वारदात को लेकर सुर्खियों में है। फिरोजपुर झिरका इलाके में एक युवक द्वारा पंजाब की युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनने के बाद आरोपी जहीर को दबोच लिया है। उस पर न केवल अस्मत लूटने, बल्कि ब्लैकमेलिंग और प्रदेश के सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत भी शिकंजा कसा गया है।

दोस्ती से लेकर 'होटल' के उस खौफनाक मंजर तक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के फिरोजपुर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती की पहचान करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए फिरोजपुर झिरका के गांव ढोंढ निवासी जहीर से हुई थी। बातों का सिलसिला शुरू हुआ तो जहीर ने खुद को कुंवारा बताकर युवती को शादी के हसीन सपने दिखाए। पीड़िता का आरोप है कि जहीर ने उसे एक होटल में खाने के बहाने बुलाया, जहां नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का वो अंतहीन सिलसिला, जिसमें आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से डेढ़ लाख रुपये भी ऐंठ लिए।

"ईदी" के बहाने बुलाया गांव, फिर शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर

हद तो तब हो गई जब करीब 15 दिन पहले आरोपी ने ईद के मौके पर निकाह करने का वादा किया और 20 मार्च को युवती को अपने पैतृक गांव ढोंढ बुला लिया। वहां कई दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा गया और बार-बार शारीरिक शोषण किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान जहीर और उसके परिजनों ने उस पर इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाया। जब युवती ने अपनी आस्था से समझौता करने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने शादी से साफ मना कर दिया और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया।

पुलिस की मुस्तैदी: सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी

किसी तरह जान बचाकर फिरोजपुर झिरका थाने पहुंची पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। मामले की संवेदनशीलता और 'लव जिहाद' जैसे गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। नूंह पुलिस ने आरोपी जहीर के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के साथ-साथ 'हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलिजन एक्ट 2022' के तहत मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!