Search

नूंह में आधी रात को तांडव: सेनेटरी गोदाम में लगी आग, सवा करोड़ का सामान स्वाहा

Mar 19, 2026 4:21 PM

नूंह। नूंह जिले के तावडू इलाके में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब छारोडा बस स्टैंड के पास स्थित एक विशाल सेनेटरी गोदाम आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि गोदाम में रखा लोहे का कीमती प्लंबिंग सामान, सेनेटरी फिटिंग्स और अन्य निर्माण सामग्री जलकर कोयला हो गई। लोहे की चादरों से बने इस शेड के भीतर लगी आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि दूर-दूर तक इसकी लपटें देखी गईं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आर्थिक रूप से मालिकों की कमर टूट गई है।

दमकल विभाग की सुस्ती और ग्रामीणों का आक्रोश

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर बाल्टियों और निजी संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की। पीड़ित मालिक मुबारक और आरिफ का आरोप है कि रात करीब 1 बजे जैसे ही आग भड़की, तुरंत बिजली विभाग और दमकल केंद्र को फोन किया गया, लेकिन रिस्पॉन्स बेहद निराशाजनक रहा। ग्रामीणों का दावा है कि नूंह दमकल केंद्र पर बार-बार फोन करने के बावजूद कर्मचारियों ने ठीक से बात नहीं की। जब गाड़ियां पहुंचीं भी, तो उनमें पर्याप्त पानी नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन मुस्तैद होता, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

बाल-बाल बचीं पास की फैक्ट्रियां, थमी रही सड़कों पर रफ्तार

जिस जगह यह आग लगी, उसके ठीक बगल में लकड़ी की एक बड़ी फैक्ट्री और टाइल्स का गोदाम स्थित है। अगर आग की लपटें वहां तक पहुंच जातीं, तो तावडू में बड़ा हादसा हो सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तावडू सदर थाना पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला और सुरक्षा के मद्देनजर जिला मुख्यालय जाने वाली सड़क पर यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया। चारों ओर फैले धुएं और दहशत के बीच पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

4 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें

स्थानीय प्रशासन और दमकल की गाड़ियों ने करीब 4 घंटे तक आग से लोहा लिया। आखिरकार सुबह सवा चार बजे के करीब आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। पीड़ित पक्ष का कहना है कि सवा करोड़ रुपये का शुरुआती आकलन है, लेकिन वास्तविक नुकसान इससे कहीं अधिक हो सकता है। परवेज, हाशिम और शाहरुख जैसे चश्मदीदों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ है, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही ने इसे और भयावह बना दिया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग के सटीक कारणों की जांच में जुटे हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!