Search

शराब के नशे में हैवानियत या कुछ और? पानीपत में बेटी ने पिता पर लगाया गंभीर आरोप, फिर पलटी

Apr 20, 2026 2:46 PM

पानीपत। पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र से रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर देने वाली एक खबर ने सनसनी फैला दी है। एक मां ने अपनी ममता और हिम्मत को ढाल बनाकर थाने की चौखट पर दस्तक दी और अपने ही पति के खिलाफ संगीन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, घर का मुखिया ही अपनी सगी बेटी के लिए 'हैवान' बन चुका था।

महिला का आरोप था कि उसका पति शराब के नशे में न केवल उसके साथ मारपीट करता है, बल्कि पिछले एक साल से अपनी बड़ी बेटी की अस्मत के साथ भी खिलवाड़ कर रहा है। आरोप यह भी था कि आरोपी ने अपनी दहशत इस कदर फैला रखी थी कि वह किसी को भी मुंह खोलने पर जिंदा जलाने की धमकी देता था।

मेडिकल जांच और बयानों का उलटफेर

पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज किया और युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। लेकिन, जैसे ही कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ी, मामले ने करवट ले ली। अस्पताल पहुंचने पर युवती ने अपने पहले के आरोपों से किनारा कर लिया और किसी भी प्रकार के यौन शोषण की बात से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जब दोबारा थाने में पीड़िता के बयान दर्ज किए, तो उसने अपनी बात दोहराई कि पिता ने उसके साथ कोई 'गलत काम' नहीं किया है।

मारपीट से तंग आकर रची गई कहानी?

युवती ने पुलिस को दिए नए बयानों में यह जरूर स्वीकार किया कि उसके पिता शराब के बहुत ज्यादा आदी हैं और नशे की हालत में अक्सर परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट करते हैं। युवती के मुताबिक, रोज-रोज की इस प्रताड़ना और मारपीट से वह इस कदर टूट चुकी थी कि उसने पिता को सबक सिखाने या इस यातना से बचने के लिए शुरू में यौन शोषण की बात कही थी।

फिलहाल, पुलिस इस पहेली को सुलझाने में लगी है कि क्या वाकई यह मामला केवल मारपीट का है या फिर किसी दबाव के चलते युवती ने अपने बयान बदले हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच सामने आ पाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!