Search

पटौदी से चंडीगढ़ के लिए नई बस सेवा शुरू: दोपहर 3 बजे होगी रवानगी, देखें पूरा रूट

May 14, 2026 3:55 PM

हरियाणा। पटौदी और आस-पास के इलाकों से राजधानी चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर आई है। हरियाणा परिवहन विभाग ने यातायात सुविधाओं में विस्तार करते हुए पटौदी से चंडीगढ़ के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दे दी है। झज्जर डिपो की यह बस सेवा उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी जिन्हें काम के सिलसिले में अक्सर चंडीगढ़ जाना पड़ता है। इस नई शुरुआत से क्षेत्र के लोगों ने रोडवेज विभाग का आभार जताया है, क्योंकि अब उन्हें लंबी दूरी के सफर के लिए निजी वाहनों या बार-बार बसें बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

टाइमिंग और रूट: दोपहर में रवानगी, आधी रात को आगमन

समय सारिणी के अनुसार, यह बस प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे पटौदी बस स्टैंड से अपनी यात्रा शुरू करेगी। पटौदी से चलकर यह बस वाया झज्जर, रोहतक, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला होते हुए रात 11:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी का शेड्यूल देखें तो अगले दिन सुबह सवा 6:00 बजे यह बस चंडीगढ़ से झज्जर के लिए रवाना होगी और दोपहर 12:30 बजे झज्जर पहुंचेगी। हालांकि, एक पेंच यह है कि वापसी में यह बस पटौदी नहीं आएगी, जिसे लेकर यात्रियों ने मांग उठाई है कि वापसी का रूट भी पटौदी होकर ही तय किया जाए।

भीड़ से मिलेगी मुक्ति, यात्रियों ने रखी कुछ और मांगें

स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्तमान में रेवाड़ी से पटौदी होकर चंडीगढ़ जाने वाली रात 8:20 बजे की बस में यात्रियों का भारी दबाव रहता था। अक्सर लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ता था, लेकिन इस नई बस के चलने से भीड़ काफी हद तक कम होगी। यात्रियों ने एक अहम मुद्दा यह भी उठाया है कि रेवाड़ी डिपो की रात्रिकालीन बस की तरह यह नई बस भी वापसी में पटौदी नहीं आ रही है। लोगों ने विभाग से पुरजोर मांग की है कि यात्रियों की सुविधा के लिए वापसी में भी बस का ठहराव पटौदी बस स्टैंड पर सुनिश्चित किया जाए।

सुबह के समय भी सीधी बस की दरकार

क्षेत्र के लोगों और नौकरीपेशा वर्ग ने रोडवेज अधिकारियों से एक और अपील की है। उनका कहना है कि यदि सुबह 3 से 4 बजे के बीच भी चंडीगढ़ के लिए एक सीधी बस सेवा शुरू की जाए, तो पटौदी क्षेत्र के लोग समय पर अपने दफ्तरों और अन्य कार्यस्थलों तक पहुंच सकेंगे। फिलहाल, दोपहर 3 बजे वाली इस बस सेवा ने लंबी दूरी के यात्रियों को एक सुरक्षित और आरामदायक विकल्प जरूर दे दिया है। अब देखना यह है कि परिवहन विभाग यात्रियों की इन जायज मांगों पर आने वाले दिनों में क्या फैसला लेता है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!