रेलवे का समर गिफ्ट: गर्मियों में छुट्टियों का मजा नहीं होगा किरकिरा, कंफर्म टिकट के लिए रेलवे ने झोंकी पूरी ताकत
Mar 14, 2026 9:54 AM
हरियाणा। चंडीगढ़ और हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हर साल गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली पैर रखने तक की जगह की किल्लत को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे समेत अन्य जोन्स ने कमर कस ली है। इस बार रेलवे ने एक-दो नहीं बल्कि कुल 1484 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का खाका खींचा है। विभाग की कोशिश है कि इस बार वेटिंग लिस्ट का झंझट कम हो और यात्रियों को लंबी कतारों से मुक्ति मिले। विशेष रूप से हरियाणा से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए यह किसी सौगात से कम नहीं है।
खाटूश्याम के भक्तों और जयपुर जाने वालों की बल्ले-बल्ले
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, गर्मी के सीजन में राजस्थान के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रेवाड़ी से रींगस के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें (09633/34 और 09637/38) 1 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। ये ट्रेनें जून के अंत तक चलेंगी, जिससे बाबा खाटूश्याम के दर्शन करने जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा। वहीं, भिवानी से जयपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 09733/34 को अब 15 जुलाई तक चलाने का फैसला लिया गया है, जिससे पिंक सिटी घूमने जाने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
अनारक्षित ट्रेनों पर भी रहेगा विशेष जोर
इस बार रेलवे की रणनीति केवल रिजर्वेशन वाली सीटों तक सीमित नहीं है। कुल प्रस्तावित ट्रेनों में से 735 ट्रेनें अनारक्षित (Unreserved) होंगी। इसका सीधा मतलब यह है कि जो यात्री अचानक यात्रा का प्लान बनाते हैं, उन्हें भी निराश नहीं होना पड़ेगा। मुंबई, पुणे, नासिक और कोल्हापुर जैसे प्रमुख रूटों के अलावा लंबी दूरी के सफर के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले रूटों पर भी फेरे बढ़ाए गए हैं, ताकि होली के बाद काम पर लौटने वाले लोगों को ट्रेनों के पायदान पर लटककर सफर न करना पड़े।
भोजपुर और आरा के यात्रियों को भी सौगात
सिर्फ उत्तर भारत ही नहीं, बल्कि हाजीपुर जोन ने भी बिहार से दिल्ली, गुजरात और कर्नाटक जाने वाली ट्रेनों की संख्या में इजाफा किया है। हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि कामकाज के लिए वापस लौटने वाले यात्रियों का दबाव बहुत ज्यादा है। इसलिए कई ट्रेनों का ठहराव आरा जंक्शन जैसे स्टेशनों पर भी दिया गया है, ताकि स्थानीय लोगों को बड़े स्टेशनों तक भागने की जरूरत न पड़े। इन सभी स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जल्द ही रेलवे के अधिकृत पोर्टल पर अपडेट कर दिया जाएगा।