Search

रैपर बादशाह की बढ़ेगी मुश्किल, हरियाणा महिला आयोग ने दिए गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के आदेश

Mar 13, 2026 3:48 PM

हरियाणा। बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह के लिए 'टटीरी' गाना अब गले की फांस बन गया है। शुक्रवार को पानीपत में हरियाणा महिला आयोग के सामने पेशी के लिए बुलाए जाने के बावजूद बादशाह नदारद रहे। आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने इसे संस्था की अवमानना और मामले को हल्के में लेने का प्रयास माना है। उन्होंने सीधे तौर पर पानीपत और पंचकूला पुलिस को आदेश जारी किए हैं कि बादशाह को गिरफ्तार किया जाए। आयोग का कहना है कि कलाकारों को अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन इसकी आड़ में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पासपोर्ट होगा जब्त, नहीं हो पाएंगे कहीं शो

बादशाह की मुश्किलें सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं हैं। महिला आयोग ने पुलिस प्रशासन को सख्त हिदायत दी है कि गायक का पासपोर्ट तत्काल प्रभाव से जब्त किया जाए। रेनू भाटिया ने प्रेस से मुखातिब होते हुए कहा कि आयोग ने प्रदेशभर में नोटिस जारी कर दिया है कि बादशाह का कोई भी शो हरियाणा की धरती पर नहीं होने दिया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में अब उत्तराखंड महिला आयोग भी हरियाणा का साथ दे रहा है। दोनों राज्यों का आयोग मिलकर इस कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रहा है ताकि भविष्य में कोई भी कलाकार इस तरह की शब्दावली का उपयोग न करे।

वकील की 'माफी' और आयोग का 'एक्शन'

सुनवाई के दौरान बादशाह के वकील अक्षय दहिया पानीपत स्थित आयोग के दफ्तर पहुंचे थे। उन्होंने दलील दी कि बादशाह ने अपनी गलती के लिए पहले ही सार्वजनिक माफी जारी कर दी है। वकील ने यह भी कहा कि बादशाह अपने पहले से तय कार्यक्रमों (Work Commitments) के चलते खुद पेश नहीं हो सके, इसलिए उन्होंने अपना पक्ष रखने के लिए प्रतिनिधि भेजा है। हालांकि, आयोग इस दलील से संतुष्ट नहीं हुआ। चेयरपर्सन ने दोटूक कहा कि आयोग अब हरियाणा की बेटियों के सम्मान के लिए खड़ा हो चुका है और सिर्फ कागजी माफी से काम नहीं चलेगा, आरोपी को व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह होना पड़ेगा।

क्या है पूरा विवाद?

पूरा विवाद बादशाह के हालिया गाने 'टटीरी' के बोलों को लेकर है, जिसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और अश्लील माना गया है। हरियाणा के कई सामाजिक संगठनों और महिला समूहों ने इस पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद मामला महिला आयोग तक पहुँचा। पंचकूला में दर्ज एफआईआर के बाद अब आयोग के इन सख्त आदेशों ने बादशाह की घेराबंदी तेज कर दी है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बादशाह खुद को पुलिस के सामने सरेंडर करते हैं या फिर कानूनी राहत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाते हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!