Search

रेवाड़ी में सुबह 7:01 बजे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 2.8 रही तीव्रता

Mar 09, 2026 11:52 AM

हरियाणा। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सोमवार सुबह लोगों की दिनचर्या की शुरुआत अचानक भूकंप के हल्के झटकों से हुई। सुबह करीब 7 बजकर 1 मिनट पर जमीन में हल्का कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर करीब 2.8 दर्ज की गई है।

रेवाड़ी शहर और आसपास के इलाकों में कई घरों की खिड़कियां और दरवाजे हल्के-हल्के हिलते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ सेकंड तक जमीन में कंपन महसूस हुआ, जिसके बाद लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों पर खड़े हो गए।

अरावली क्षेत्र के पास झटके ज्यादा महसूस हुए

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अरावली पर्वत श्रृंखला के आसपास रहने वाले लोगों ने झटकों को थोड़ा ज्यादा महसूस किया। हालांकि कंपन बहुत हल्का था और कुछ ही सेकंड में स्थिति सामान्य हो गई।

स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभी तक किसी प्रकार के नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

पिछले साल भी हरियाणा में आए थे झटके

हरियाणा में इससे पहले भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जा चुके हैं। पिछले साल 1 दिसंबर को रात 9 बजकर 22 मिनट पर राज्य के कई हिस्सों में भूकंप आया था। उस समय भूकंप का केंद्र सोनीपत बताया गया था।

विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा का इलाका भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से हल्के कंपन भी कई बार महसूस किए जाते हैं।

भूकंप की तीव्रता कैसे मापी जाती है

भूकंप आने पर जमीन की हलचल को रिकॉर्ड करने के लिए सिस्मोग्राफ नाम का उपकरण इस्तेमाल किया जाता है। इसमें लगा ड्रम और कागज जमीन के साथ हिलते हैं, जबकि पेन से जुड़ा वजन स्थिर रहता है।

जब धरती हिलती है तो पेन कागज पर टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएं बनाता है। इन रेखाओं को सीस्मोग्राम कहा जाता है और इन्हीं के आधार पर वैज्ञानिक भूकंप की तीव्रता और उसकी प्रकृति का अनुमान लगाते हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!