Search

ऋषिकेश में नाबालिग से अश्लील इशारे करने पर भड़की भीड़, हरियाणा के युवकों को दी सजा

May 21, 2026 3:58 PM

कैथल। उत्तराखंड के तीर्थ स्थल ऋषिकेश में बुधवार की शाम उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब हरिद्वार रोड पर काली के ढाल के पास एक हुड़दंगई वारदात को लेकर स्थानीय लोग उग्र हो गए। दरअसल, हरिद्वार की तरफ से ऋषिकेश आ रही एक हरियाणा नंबर की वेन्यू कार (HR08AL9398) पेट्रोल पंप के पास धीमी हुई थी। आरोप है कि कार में बैठे दो युवकों ने सड़क किनारे खड़ी एक नाबालिग लड़की को देखकर अश्लील और अभद्र इशारे किए। लड़की ने बिना डरे तुरंत इसकी जानकारी पास में मौजूद स्थानीय लोगों को दे दी। जब लोगों ने कार रोककर युवकों से इस बारे में बात की, तो वे माफी मांगने के बजाय बहस पर उतर आए। युवकों की यही अकड़ भारी पड़ गई और देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

कार के शीशे तोड़े, कपड़े फाड़कर सड़क पर पीटा

बहसबाजी से शुरू हुआ यह मामला पल भर में भारी हिंसा में तब्दील हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के कई वीडियो रोंगटे खड़े करने वाले हैं। कार की तलाशी लेने पर जब अंदर से शराब की बोतल बरामद हुई, तो भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने पहले मुक्कों और फिर बड़े पत्थरों से मारकर कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद कार के अंदर बैठे एक युवक को जबरन घसीटकर बाहर निकाला गया और उसके सारे कपड़े उतारकर उसे पूरी तरह निर्वस्त्र कर दिया गया। भीड़ में शामिल लोग दोनों युवकों पर लात-घूसे बरसाते रहे और एक युवक को नग्न अवस्था में ही हाईवे पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान दूसरे युवक का सिर भी फट गया और वह सड़क किनारे लहूलुहान हालत में बैठा नजर आया।

कैथल के पूंडरी की गाड़ी, पुलिस जांच में जुटी

हाईवे पर मचे इस तांडव के कारण ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर लंबा जाम लग गया। चिल्लाने और मारपीट की आवाजें सुनकर आईडीपीएल चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उग्र भीड़ के चंगुल से दोनों घायल पर्यटकों को छुड़ाया और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि जिस वेन्यू कार में तोड़फोड़ हुई है, वह हरियाणा के कैथल जिले के पूंडरी क्षेत्र के रहने वाले सतीश कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। हालांकि, घायल हुए युवक कौन हैं और कहां के रहने वाले हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान करने में जुटी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!