Search

सालासर मंदिर में 'बाउंसर राज': भाजपा नेता जतिन शर्मा का खुलासा, हिसार के परिवार से मारपीट

Apr 09, 2026 12:59 PM

हरियाणा। राजस्थान के चुरू जिले में स्थित आस्था के बड़े केंद्र सालासर धाम से उपजा विवाद अब थमता नजर नहीं आ रहा है। हिसार के एक प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार के साथ मंदिर परिसर में हुई मारपीट के मामले में अब यमुनानगर के भाजपा नेता जतिन शर्मा ने भी मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा करते हुए जतिन शर्मा ने मंदिर प्रशासन और वहां तैनात निजी बाउंसरों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि जिस दिन हिसार के परिवार के साथ यह घटना हुई, वे खुद वहां मौजूद थे। जतिन ने आरोप लगाया कि वहां बाउंसर श्रद्धालुओं से बात नहीं करते बल्कि डंडे से जवाब देते हैं।

"वीडियो कॉल किया तो हाथ पर मारा डंडा"

भाजपा नेता जतिन शर्मा ने बताया कि वे पहली बार सालासर मंदिर गए थे, लेकिन वहां का कड़वा अनुभव वे कभी नहीं भूल पाएंगे। उनके मुताबिक, "मैं अपने बीमार रिश्तेदार को वीडियो कॉल के जरिए दर्शन करवा रहा था, तभी एक बाउंसर ने मेरे हाथ पर डंडा दे मारा, जिससे मेरा मोबाइल गिर गया। वहां पैसा फेंकने वालों के लिए वीआईपी रास्ते खुले हैं, जबकि आम श्रद्धालु के साथ पुजारियों और बाउंसरों का व्यवहार किसी अपराधी जैसा होता है।" उन्होंने सालासर मंदिर की तुलना हरियाणा और हिमाचल के मंदिरों से करते हुए कहा कि वहां की व्यवस्थाएं कहीं अधिक पारदर्शी और श्रद्धालु-मित्र हैं।

हिसार में सुलग रही गुस्से की आग, व्यापारियों की महापंचायत आज

इधर हिसार में इस घटना को लेकर व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। पीड़ित परिवार के मुखिया और बालाजी मार्केट के प्रधान संजय अरोड़ा ने आज हिसार के पड़ाव चौक पर व्यापारी संगठनों की एक बड़ी पंचायत बुलाई है। परिवार ने दो टूक कहा है कि वे किसी भी तरह के समझौते के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां मिल रही हैं। परिवार का कहना है कि वे अपने बीमार रिश्तेदार को डिजिटल दर्शन करवा रहे थे, जिसे मंदिर के नियमों का उल्लंघन बताकर उनके साथ जानवरों जैसा सलूक किया गया।

भजन गायक कन्हैया मित्तल की भूमिका पर उठे सवाल

इस पूरे विवाद में मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल की मध्यस्थता ने आग में घी डालने का काम किया है। भाजपा नेता जतिन शर्मा और पीड़ित परिवार दोनों ने ही कन्हैया मित्तल की भूमिका पर नाराजगी जताई है। जतिन शर्मा ने कन्हैया मित्तल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे उन परिवारों के साथ खड़े होंगे जिनके साथ बदसलूकी हुई है, न कि समझौते का दबाव बनाने वालों के साथ। पीड़ित परिवार ने तो यहाँ तक कह दिया कि कन्हैया मित्तल 'बिचौलिया' बनने की कोशिश न करें और वे उनके साथ सालासर कतई नहीं जाएंगे।

मंदिर को सरकारी नियंत्रण में लेने की मांग

भाजपा नेता जतिन शर्मा ने अपनी ही पार्टी की राजस्थान सरकार से मांग की है कि सालासर मंदिर के प्रबंधन को तुरंत सरकारी नियंत्रण में लिया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर में तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों की 'गुंडागर्दी' खत्म होनी चाहिए। "आस्था के केंद्र में इस तरह का करप्ट सिस्टम और मारपीट का खेल नहीं चल सकता। महिलाओं को जमीन पर गिराया गया, यह कैसी मर्यादा है?" उनके इन तीखे सवालों ने राजस्थान पुलिस और मंदिर ट्रस्ट को बैकफुट पर ला दिया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!