Sapna Choudhary Dispute: सपना चौधरी और वीर साहू में बढ़ा विवाद, कोर्ट के आदेश के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
Jun 12, 2026 11:40 AM
हरियाणवी। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की सबसे बड़ी स्टार सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के बीच उपजा घरेलू विवाद पिछले तीन दिनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। बात सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट तक जा पहुंची। सपना ने पति पर घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए कानूनी संरक्षण मांगा है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीर साहू को सपना चौधरी से दूर रहने और उनके काम में दखल न देने की सख्त हिदायत जारी की है। लेकिन इस कानूनी कार्रवाई के महज एक घंटे बाद ही इस कपल का ड्रामा सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गया।
तंज और शायरी के जरिए आर-पार, फैंस हुए हैरान
अदालती आदेश के फौरन बाद सपना चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "यू जस्ट बिकम बहरा एंड मेंटेन ऑन योर चेहरा" यानी सब कुछ अनसुना कर चेहरे पर मुस्कान बनाए रखें। इस पर पलटवार करने में वीर साहू ने भी देर नहीं लगाई और अपनी पोस्ट में लिखा, "अच्छी सूरत को संवरने की जरूरत क्या है?" इन दोनों पोस्ट्स ने आग में घी का काम किया और देखते ही देखते इंटरनेट पर दोनों के अलग होने और तलाक लेने की खबरों की बाढ़ आ गई। 24 जुलाई 2023 के बाद से कभी एक साथ रील न बनाने वाले इस जोड़े को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।
24 घंटे में बदला मिजाज, गौशाला के वीडियो से आया नया मोड़
गुरुवार को इस पूरे विवाद में उस वक्त एक हैरान करने वाला मोड़ आया, जब दोनों ने अपने-अपने अकाउंट से गौशाला के वीडियो शेयर किए। सपना चौधरी ने गायों को गुड़ खिलाते हुए अपने ही एक साल पुराने रोमांटिक गाने 'आंख्या में' की लाइनों पर रील पोस्ट की, जिसके बोल थे— "मन्ने थोड़ी-थोड़ी तेरे पै मर लेन दें ना..."। कल तक जो सपना पति से जान का खतरा बताकर कोर्ट से प्रोटेक्शन मांग रही थीं, उनका यह बदला अंदाज देख प्रशंसक भी हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर दिख रहा यह प्यार उनकी असल जिंदगी के तनाव से बिल्कुल उलट नजर आ रहा है।
"जीत-हार अब तुम्हारे हाथ..." वीर साहू की रील में छलका दर्द
दूसरी तरफ वीर साहू ने भी गौशाला में गोवंश की सेवा करते हुए अपनी मनःस्थिति बयां की। उन्होंने एक भावुक रील साझा करते हुए कहा, "हे जगत जननी गौ माता, तुम्हें मेरे दर्द का पता है। मैं क्यों गिड़गिड़ाऊं, जो तुम्हें ठीक लगे वही मुझे देना।" उन्होंने वीडियो के अंत में बेहद हताश लहजे में कहा कि अब इस जीवन का सारा भार तुम्हारे हाथों में है, मेरी जीत और हार भी तुम्हारे ही पास है। इसके बाद वीर ने एक और रील बनाई जिसमें प्रसिद्ध रागिनी के बोल चल रहे थे— "हम दिल को जीत, तुझे जीत हुए, दुनियादारी से मतलब क्या..."। साफ है कि इस रील के जरिए वीर साहू अपने भीतर चल रही उथल-पुथल को जगजाहिर कर रहे हैं।
अपकमिंग फिल्म 'मोमाकू' के प्रीमियर पर हंगामे की आशंका
सपना चौधरी की तरफ से अदालत में पैरवी कर रही वकील प्रीति सिंह ने दलील दी कि सपना की नई फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द ही पर्दे पर आने वाली है। इसके प्रमोशन और प्रीमियर के दौरान वीर साहू वहां पहुंचकर हंगामा खड़ा कर सकते हैं, जिससे सपना की सुरक्षा और उनके करियर पर बुरा असर पड़ सकता है। सपना का आरोप है कि उन्हें प्रताड़ना के कारण अपना ससुराल तक छोड़ना पड़ा था। फिलहाल कोर्ट ने वीर साहू को किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में सपना के करीब न जाने के आदेश दिए हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रहा यह हाई-वोल्टेज ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा है।