चंडीगढ़: हरियाणा में आज यानी सोमवार को घने कोहरे ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। सुबह से ही राज्य के कई हिस्सों में हालात बेहद खराब बने हुए हैं। सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, भिवानी, फतेहाबाद सहित करीब एक दर्जन जिलों में विजिबिलिटी लगभग शून्य रही, जिससे सड़कों पर चलना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं है। कई जगहों पर हालात ऐसे रहे कि कुछ मीटर आगे तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कोहरे की गंभीरता को देखते हुए राज्य के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि अगले कुछ घंटों तक घना कोहरा बना रह सकता है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से बेहद सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
खराब मौसम के चलते CM का शेड्यूल बदला
घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी अपने आज के कार्यक्रमों में बदलाव करना पड़ा। मुख्यमंत्री का आज सोनीपत में उद्योगपतियों के साथ बैठक का कार्यक्रम प्रस्तावित था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। पहले से तय शेड्यूल के अनुसार, उन्हें सुबह 9 बजे हेलिकॉप्टर से सोनीपत पहुंचना था और वहां से सड़क मार्ग के जरिए खरखोदा जाना था। लेकिन घनी धुंध में हवाई यात्रा जोखिम भरी होने के कारण मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में ही रहकर अपने अन्य प्रशासनिक कार्य निपटाने का फैसला लिया।
वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे दिन में भी वाहनों की लाइट जलाकर चलें, अत्यधिक सावधानी बरतें और धीमी गति से वाहन चलाएं। साथ ही, कोहरे के दौरान ओवरटेक करने से बचने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
कोहरे के कारण हादसे, बड़ा नुकसान टला
घने कोहरे के कारण राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सड़क हादसों की भी खबरें सामने आई हैं। भिवानी में भगत सिंह चौक के पास धुंध की वजह से एक निजी स्कूल बस और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पहले से ही धीमी थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं, कैथल के कलायत क्षेत्र में दिल्ली-कटरा हाईवे पर दो ट्रक आपस में टकरा गए। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे वाले ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जनजीवन पर असर
कोहरे की वजह से सुबह के समय दफ्तर जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन और बस सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।