टटीरी गाने पर विवाद मामला: हरियाणा महिला आयोग के सामने पेश नहीं हुए सिंगर बादशाह, चेयरमेन ने आज तीन बते का समय दिया
Mar 13, 2026 1:30 PMचंडीगढ़: हरियाणा में अपने हरियाणवी गाने “टटीरी” को लेकर विवादों में आए सिंगर-रैपर बादशाह शुक्रवार को हरियाणा महिला आयोग के सामने पेश नहीं हुए। आयोग ने उन्हें पानीपत में सुनवाई के लिए बुलाया था, लेकिन वे तय समय पर नहीं पहुंचे। उनके वकीलों ने बताया कि पेशेवर कारणों से वे उपस्थित नहीं हो सके और आयोग से अगली तारीख देने की मांग की गई है। इस बीच आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने स्पष्ट किया कि अगर बादशाह दोपहर तीन बजे तक पेश नहीं हुए तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। यह मामला गाने के कथित आपत्तिजनक लिरिक्स और वीडियो में दिखाई गई सामग्री को लेकर उठे विवाद से जुड़ा है।
पानीपत में सुनवाई के लिए जारी हुआ नोटिस
हरियाणा महिला आयोग ने 6 मार्च को नोटिस जारी कर सिंगर बादशाह को पानीपत में पेश होने के लिए कहा था। आयोग ने यह नोटिस गाने के लिरिक्स और वीडियो में महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल की शिकायत मिलने के बाद भेजा। शिकायतों के आधार पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की सुनवाई तय की।
आयोग की अध्यक्ष ने दी चेतावनी
सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कलाकारों को सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि यदि बादशाह आयोग के सामने पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
“टटीरी” गाने पर क्यों हुआ विवाद
बादशाह का हरियाणवी गाना “टटीरी” 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। रिलीज के बाद इसके कुछ लिरिक्स और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को लेकर कई सामाजिक संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई। आरोप लगाया गया कि गाने में महिलाओं और छात्राओं से जुड़े दृश्य और शब्द आपत्तिजनक हैं।
यूट्यूब से हटाया गया गाना
विवाद बढ़ने के बाद पंचकूला पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए गाने को यूट्यूब से हटवाने की प्रक्रिया शुरू की। इससे पहले भी इस गाने को लेकर अलग-अलग जगहों पर विरोध दर्ज कराया गया था और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।
बादशाह ने जारी किया माफी वाला वीडियो
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि अगर उनके गाने के कुछ बोल या दृश्य से हरियाणा के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए खेद जताते हैं। उन्होंने खुद को हरियाणा का बेटा बताते हुए लोगों से माफी भी मांगी।
गाने को लेकर विवाद क्यों
गाने में अश्लील शब्दों के प्रयोग करने पर कई सामाजिक संगठनों ने इसका विरोध किया था। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इसे असभ्य और महिलाओं को 'ऑब्जेक्टिफाई' करने वाला बताया था। गाने में जींद रोडवेज की बस और नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल का सीन दिखाया गया। विभाग का आरोप है कि इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियां स्कूल बैग फेंकती नजर आई और बस के ऊपर छात्राओं को खड़ा कर गाने के लिरिक्स जोड़े गए हैं, जिसके बाद कई सामाजिक संगठनों ने समाज में गलत संदेश जाने का आरोप लगाया।