हरियाणा में भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही है: सुरजेवाला

Jan 05, 2026 04:06 AM

चंडीगढ़: कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था को बुरी तरह से नुकसान पहुंचाया है, जिससे बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। सुरजेवाला ने दावा किया कि सरकारी स्कूलों में 29,800 से अधिक शिक्षण पद रिक्त पड़े हैं, जबकि सरकारी कॉलेजों में प्रोफेसरों के लगभग 50 प्रतिशत पद खाली हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि शिक्षकों की कमी के कारण, मौजूदा शिक्षकों को चुनाव कार्य, सर्वेक्षण, जनगणना और सरकारी प्रचार जैसे गैर-शिक्षण कार्य भी सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षकों पर 25 से अधिक गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ है, जिसके कारण उन्हें साल में 80 से 100 दिन कक्षाओं से दूर रहना पड़ता है। इसके परिणामस्वरूप छात्र लंबे समय तक शिक्षकों के बिना ही पढ़ाई करते हैं।’’ सुरजेवाला ने दावा किया कि इस स्थिति के कारण समग्र शिक्षा प्रणाली में गिरावट आई है और सरकारी स्कूलों में छात्रों का शैक्षणिक प्रदर्शन खराब हो गया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध और शैक्षिक गिरावट की ओर धकेलने का आरोप लगाया गया, जिससे राज्य के वर्तमान और भविष्य दोनों को नुकसान हो रहा है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!