राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले पांच कांग्रेस विधायकों को इस्तीफा दे देना चाहिए: हुड्डा
Mar 24, 2026 9:36 AM
चंडीगढ़: कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने सोमवार को कहा कि हरियाणा की दो राज्यसभा सीट पर हुए चुनावों में क्रॉस-वोटिंग के आरोपी पार्टी के पांच विधायकों को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस ने 16 मार्च को हुए चुनावों के दौरान कथित तौर पर क्रॉस-वोटिंग के आरोप में पांच विधायकों को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता हुड्डा ने कहा, "क्रॉस वोटिंग करने वालों के नाम स्पष्ट हैं... पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। पार्टी इस मामले में कार्रवाई करेगी।" उन्होंने रोहतक में पत्रकारों से कहा, "हालांकि, मेरा रुख यह है कि अगर उनमें नैतिकता है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर उन्हें पार्टी पर भरोसा नहीं रहा तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए...।" पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पांच विधायकों ने पार्टी से कहीं ज्यादा उन लोगों के साथ विश्वासघात किया है जिन्होंने उन्हें चुना था।