Search

हरियाणा में गैस और डीजल का संकट भाजपा सरकार की विफलता को दर्शाता है: कुमारी सैलजा

Mar 28, 2026 9:52 AM

चंडीगढ़: कांग्रेस नेता और लोकसभा सदस्य कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में एलपीजी, पीएनजी और डीजल से जुड़े संकट से सरकार की विफलता उजागर हो गई है। एक बयान में सैलजा ने दावा किया कि बिना उचित योजना के पीएनजी को अनिवार्य बनाने के फैसले से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परिवारों को अपने एलपीजी कनेक्शन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा लेकिन पीएनजी कनेक्शन समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे अनेक परिवार रसोई गैस से वंचित रह गए।

सैलजा ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां भी कनेक्शन के लिए आवेदन लंबे समय से लंबित हैं, जो प्रशासनिक अक्षमताओं को उजागर करता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एलपीजी की "कमी" के कारण घरेलू उपभोक्ताओं, होटल संचालकों और शादी समारोहों का आयोजन करने वालों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। इसके अतिरिक्त, सैलजा ने दावा किया कि अपर्याप्त आपूर्ति के कारण कालाबाजारी हो रही है, जिससे लोगों को बढ़ी हुई कीमतों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने डीजल की कथित कमी पर चिंता जताते हुए दावा किया कि पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें लग रही हैं और कई स्थानों पर आपूर्ति कम हो रही है, जिससे गेहूं की कटाई के मौसम में किसानों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। सैलजा ने सरकार से एलपीजी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने, पीएनजी कनेक्शन की संख्या बढ़ाने में तेजी लाने और विशेष रूप से किसानों के लिए डीजल की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने का आग्रह किया।

You may also like:

Please Login to comment in the post!