Search

हांसी में तालिबानी बर्बरता: दलित युवक को पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटकाया, बेरहमी से पीटा

Jun 05, 2026 11:04 AM

हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के हांसी उपमंडल से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक तस्वीर सामने आई है। यहां के सोरखी गांव में अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के एक युवक को कुछ दबंगों ने न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके हाथ-पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटका दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात का वीडियो जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, तब जाकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा। आनन-फानन में पुलिस ने गुरुवार रात पीड़ित युवक का नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

रास्ते में रोककर दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने शुरू की जांच

सोरखी चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर घूम रहे एक वीडियो से पुलिस को इस अमानवीय घटना की भनक लगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वीडियो में प्रताड़ित हो रहा युवक सोरखी गांव का ही रहने वाला बारूराम है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, घटना के वक्त पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई थी, लेकिन अब रुक्का (अस्पताल से मिली सूचना) मिलने के बाद तुरंत एक्शन लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सख्त कानूनी धाराएं जोड़ी जा रही हैं।

पीड़ित की आपबीती: "शौच के लिए रुका था, चोर कहकर कुएं में लटकाया"

लोहे के गेट और ग्रिल बनाने का काम करने वाले पीड़ित बारूराम ने पुलिस को दी शिकायत में उस खौफनाक दिन की पूरी दास्तां बयां की है। बारूराम के अनुसार, यह वारदात 1 जून को हुई जब वह अपने एक जानकार के साथ भाटोल गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में जब वह शौच के लिए रुका, तो गांव के कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और बिना कुछ सुने 'चोर-चोर' का शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपियों ने अपने कुछ और साथियों को मौके पर बुला लिया।

अमानवीयता की हदें तब पार हो गईं जब इन युवकों ने बारूराम को अधमरा होने तक पीटा और फिर रस्सी से पैर बांधकर उसे एक गहरे कुएं में उल्टा लटका दिया। युवक जान की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा और वे काफी देर तक उसे प्रताड़ित करते रहे। हद तो यह है कि इस पूरी बर्बरता के बाद आरोपियों ने खुद ही डायल-112 को फोन कर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। उस वक्त पुलिस ने भी बिना जांच किए पूछताछ के बाद शाम को युवक को छोड़ दिया था।

वीडियो बना सबसे बड़ा सबूत, कानून हाथ में लेने वालों पर कसेगा शिकंजा

दबंगों द्वारा खुद बनाया गया यह वीडियो अब उनके लिए ही गले की फांस बन चुका है। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे सभी हमलावरों की शिनाख्त शुरू कर दी है। हांसी पुलिस प्रशासन का साफ कहना है कि किसी भी नागरिक को कानून अपने हाथ में लेने या किसी के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है और जल्द ही इस मामले में बड़ी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!