Hisar Dowry Case: हिसार में शादी के दो दिन बाद पत्नी को ‘बहन’ कहने लगा पति, दहेज का आरोप
Mar 01, 2026 11:39 AM
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में दहेज प्रथा से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार 21 मार्च को उसकी शादी एक युवक से हुई थी, लेकिन शादी के दो दिन बाद ही पति ने उसे “बहन” कहकर बुलाना शुरू कर दिया और दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर पत्नी का दर्जा देने से इनकार कर दिया। मामले में आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी उसके परिवार की हैसियत के अनुसार पूरे रीति-रिवाज और दान-दहेज के साथ हुई थी। युवक की बहन के साथ उसके भाई की भी शादी हुई थी, यानी दोनों परिवारों में दोहरा रिश्ता जुड़ा था।
दहेज में मोटरसाइकिल और सोने के कड़े की मांग
शिकायत के मुताबिक शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष ने मोटरसाइकिल और सोने के कड़े की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पति ने उसे “बहन” कहकर बुलाना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पति ने साफ कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, वह दूरी बनाए रखेगा और पत्नी का दर्जा नहीं देगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।
पंचायत भी हुई, लेकिन नहीं निकला हल
दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत भी बुलाई गई। समझौते की कोशिश हुई, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पति अपने फैसले पर अड़ा रहा और उसे अपनाने से इंकार करता रहा।
लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आजाद नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिसार और आसपास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दहेज की मांग को लेकर ऐसे मामलों ने एक बार फिर सामाजिक सोच और कानून के असर पर सवाल खड़े कर दिए हैं।