हांसी में रिश्तों का कत्ल: मकान बेचने के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को डंडों से पीटकर मार डाला
Apr 06, 2026 3:25 PM
हिसार। हिसार जिले के हांसी स्थित मसूदपुर गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के आंगन में चारपाई पर शमशेर सिंह (57) का लहूलुहान शव मिला। रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखकर छोटे भाई सूरजमल ने संपत्ति के लालच में अपने ही मंझले भाई की जीवनलीला समाप्त कर दी। वारदात सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जब शमशेर अपनी चारपाई पर सो रहा था। सूचना मिलते ही डीएसपी रविंद्र सांगवान और सदर थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
जमीन के बाद अब मकान पर थी नजर
ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, शमशेर सिंह तीन भाइयों में मंझला था और अविवाहित था। बड़े भाई राजेंद्र की मौत पहले ही हो चुकी है। शमशेर ने अपनी हिस्से की खेती की जमीन भी छोटे भाई सूरजमल के नाम कर दी थी, जिसे सूरजमल ने कुछ समय पहले बेच दिया था। अब सूरजमल की नजर उस मकान पर थी जिसमें वे रह रहे थे। वह इस पुश्तैनी मकान को भी बेचने की फिराक में था, लेकिन शमशेर सिंह और खुद सूरजमल की पत्नी इसका कड़ा विरोध कर रहे थे। शमशेर का तर्क था कि अगर सिर से छत भी बिक गई, तो बच्चे कहाँ जाएंगे।
सोते हुए भाई पर 'अपनों' का प्रहार
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद ने सोमवार सुबह खूनी रूप ले लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सूरजमल ने गुस्से में आकर सोते हुए शमशेर पर भारी डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक डंडा मिला है जिस पर खून के निशान हैं। सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण शमशेर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सूरजमल मौके से फरार हो गया।
सीआईए की टीमें कर रही हैं छापेमारी
डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए सीआईए (CIA) की विशेष टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। गांव में इस घटना के बाद से ही भारी तनाव और शोक का माहौल है, जिसके मद्देनजर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।