हांसी अब कागजों में भी बना जिला: ऑनलाइन सिस्टम से हटने लगा 'हिसार' का नाम
Mar 13, 2026 11:19 AM
हिसार। हरियाणा के 23वें जिले के रूप में अपनी पहचान बना चुके हांसी के लोगों के लिए एक बड़ी प्रशासनिक बाधा दूर हो गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा और आधिकारिक अधिसूचना के बाद भी अब तक डिजिटल रिकॉर्ड में हांसी के लोग 'हिसार' जिले के निवासी ही कहला रहे थे। लेकिन अब खबर है कि नागरिक संसाधन सूचना विभाग (CRID) ने फैमिली आईडी (Family ID) पोर्टल पर डेटा अपडेट करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब पोर्टल पर जिले के विकल्प में 'हांसी' का नाम दिखाई देने लगा है, जिससे स्थानीय निवासियों को अपने पते और पहचान से जुड़े दस्तावेजों में सुधार करने का रास्ता साफ हो गया है।
110 गांवों का बदलेगा पता, नारनौद उपमंडल भी शामिल
बता दें कि नए जिले के गठन के बाद इसमें हांसी और नारनौद उपमंडल के कुल 110 गांवों को शामिल किया गया है। लंबे समय से इन गांवों के ग्रामीण इस बात को लेकर परेशान थे कि जब वे ऑनलाइन अपना कोई प्रमाण पत्र बनवाने जाते थे, तो वहां जिले का विकल्प केवल हिसार ही आता था। प्रशासन के अनुसार, फैमिली आईडी के सर्वर पर डेटा को धीरे-धीरे माइग्रेट किया जा रहा है। जैसे ही यह अपडेशन पूरा होगा, वैसे ही राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और पेंशन जैसे महत्वपूर्ण डेटा में भी खुद-ब-खुद जिला हांसी दर्ज हो जाएगा।
दस्तावेज बनवाने की सिरदर्दी होगी खत्म
स्थानीय प्रशासन के पास पिछले कई महीनों से यह शिकायत आ रही थी कि नए जिले की घोषणा तो हो गई, लेकिन तहसील और सरल केंद्रों पर सॉफ्टवेयर अपडेट न होने के कारण पुराने जिले के नाम से ही फाइलें प्रोसेस हो रही थीं। इससे कई बार सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में 'टेक्निकल एरर' आ जाता था। अब फैमिली आईडी पोर्टल पर बदलाव होने के बाद जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र (डोमिसाइल) सीधे नए जिले के नाम से जारी हो सकेंगे। इससे लोगों को बार-बार हिसार के चक्कर काटने या हलफनामा देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा फायदा
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड अपडेट होने का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो नई सरकारी स्कीमों के लिए आवेदन करना चाहते हैं। जब डेटा बेस में जिला हांसी दर्ज होगा, तो स्थानीय ब्लॉक और तहसील स्तर पर आवेदनों का सत्यापन (Verification) भी तेजी से हो सकेगा। प्रशासन की कोशिश है कि अगले कुछ दिनों में सभी संबंधित विभागों के पोर्टल्स को सिंक कर दिया जाए ताकि हांसी क्षेत्र के नागरिकों को डिजिटल सेवाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिल सके।