हिसार में खूनी संघर्ष: नशे के विवाद में जमकर चले पत्थर, पुलिस के सामने आधे घंटे तक मची रही अफरा-तफरी
Mar 12, 2026 12:34 PM
हिसार। शहर के मिर्जापुर रोड स्थित कैंची चौक और कौशिक नगर इलाके में बीती रात दहशत का ऐसा नंगा नाच देखने को मिला कि लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। नशे के अवैध कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच चल रही तनातनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद करीब आधे घंटे तक दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते रहे। इस पथराव में दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
विवाद की जड़: 'नशा' और 'बोगस ग्राहक' का हाई वोल्टेज ड्रामा
इलाके के लोगों की मानें तो इस बवाल की पटकथा पिछले तीन दिनों से लिखी जा रही थी। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में नशे की सरेआम बिक्री को लेकर दोनों गुटों में पहले भी कई बार ठन चुकी है।
कैसे भड़की चिंगारी?
बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को रंगे हाथों पकड़वाने के लिए एक 'बोगस ग्राहक' भेजा था। जैसे ही नशा बेचने और उसकी वीडियो बनाने को लेकर बात आगे बढ़ी, बहस गाली-गलौज और फिर सीधे पथराव में तब्दील हो गई। देखते ही देखते कौशिक नगर की गलियां ईंट-पत्थरों से भर गईं और दुकानदारों ने डर के मारे शटर गिरा दिए।
बेबस दिखी खाकी: वर्दी के सामने ही बरसते रहे पत्थर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची तो जरूर, लेकिन उपद्रवियों की भीड़ इतनी उग्र थी कि पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर रह गए। करीब 30 मिनट तक सरेराह पत्थरबाजी होती रही और पुलिस बीच-बचाव की नाकाम कोशिशें करती दिखी। भीड़ के सिर पर खून इस कदर सवार था कि उन्हें कानून का जरा भी खौफ नहीं रहा। काफी देर बाद अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को किसी तरह संभाला जा सका।
घायलों का अस्पताल में इलाज, दहशत में मोहल्ला
इस हिंसक झड़प में घायल हुई दो महिलाओं का हिसार के नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल: इस पूरे बवाल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वीडियो में एक महिला साफ तौर पर यह कहती सुनाई दे रही है कि यहाँ नशे का कारोबार इस कदर फैल चुका है कि आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई: एचटीएम (HTM) थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के जरिए उन चेहरों की पहचान कर रही है जिन्होंने कानून को हाथ में लिया।