Hisar Encroachment: 'तू जानता नहीं मैं कौन हूं...' हिसार में अतिक्रमण हटाने गई टीम से भिड़ा शख्स
May 27, 2026 2:28 PM
हिसार। हिसार के सेक्टरों को अतिक्रमण मुक्त कराने निकली हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की टीम को बुधवार को भारी विरोध और तीखी नोकझोंक का सामना करना पड़ा। मामला उस समय गरमा गया जब सेक्टर-33 में एक अवैध निर्माण को ढहाने पहुंचे SDO रामप्रसाद के सामने एक स्थानीय व्यक्ति अड़ गया। खुद को रसूखदार बताते हुए उसने अधिकारी को सीधे शब्दों में धमकाते हुए कहा, "मैं तेरी नौकरी खा जाऊंगा, तू अभी जानता नहीं है कि मैं कौन हूं।
आमतौर पर ऐसी धमकियों के आगे प्रशासनिक अमला बैकफुट पर आ जाता है, लेकिन अनुभवी SDO रामप्रसाद ने इस बार पलटवार करने में देर नहीं की। उन्होंने फौरन उस व्यक्ति से मकान निर्माण का स्वीकृत नक्शा मांग लिया। इस पर उस व्यक्ति ने सकपकाते हुए दलील दी कि उसने नक्शे के लिए अप्लाई किया हुआ है। SDO ने तपाक से जवाब दिया, "कोई बात नहीं, आवेदन किया है तो घूम-फिरकर वह नक्शा पास होने के लिए मेरे ही दफ्तर आएगा।" इस करारे जवाब को सुनते ही धमकी देने वाले महाशय के तेवर पल भर में ढीले पड़ गए और वह वहां से चुपचाप खिसकने में ही अपनी भलाई समझी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के घर के बाहर भी गरजी जेसीबी, अंदर ही दुबके रहे नेताजी
प्राधिकरण का यह पीला पंजा सिर्फ आम लोगों पर ही नहीं, बल्कि सियासी रसूख रखने वालों पर भी बराबर गरजा। टीम लाव-लश्कर के साथ सेक्टर-14 में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के आवास के बाहर पहुंची। यहां नेताजी ने मुख्य सड़क के किनारे बने रैंप के साथ वाली सरकारी जमीन को कवर करके वहां पेड़-पौधे लगा रखे थे, जिसे तकनीकी रूप से अतिक्रमण माना गया।
दबाव की परवाह किए बिना एचएसवीपी की जेसीबी ने कुछ ही मिनटों में इस अवैध कब्जे को मलबे में तब्दील कर दिया। दिलचस्प बात यह रही कि जब बाहर बुलडोजर चल रहा था, तब कांग्रेस नेता घर के भीतर ही मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बाहर आकर टीम को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। इस पूरी प्रशासनिक कार्रवाई पर कांग्रेस खेमे की तरफ से पूरी तरह चुप्पी साध ली गई है।
8 दिन पहले झाड़ू लेकर दौड़ा था दुकानदार, SDO बोले- अब दोबारा भी करेंगे चेकिंग
यह वही SDO रामप्रसाद हैं, जो पिछले कुछ दिनों से हिसार में सुर्खियों में बने हुए हैं। महज 8 दिन पहले यानी 19 मई को जब वह सेक्टर-14 की मार्केट में अतिक्रमण हटवा रहे थे, तब एक आपा खोया हुआ दुकानदार उन पर झाड़ू लेकर हमला करने दौड़ पड़ा था। उस समय पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुकानदार को हिरासत में लिया था, जिसने बाद में दफ्तर आकर SDO से लिखित माफी मांगी थी।
लगातार हो रहे इन विरोधों के बावजूद SDO रामप्रसाद के हौसले पस्त नहीं हुए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दोटूक कहा, "किसी को भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का कोई नैतिक या कानूनी अधिकार नहीं है। लोग पहले धीरे से कब्जा करते हैं और फिर उसे अपनी जागीर समझने लगते हैं। हाईकोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि सड़कें पूरी तरह साफ होनी चाहिए।" उन्होंने चेतावनी दी कि सेक्टर 14, 14 पार्ट-टू, सेक्टर 33 और सेक्टर 1-4 में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिन जगहों से एक बार अतिक्रमण हटा दिया गया है, वहां दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा ताकि लोग फिर से कब्जा न कर सकें।