हिसार-जयपुर हाईवे पर हैरियर का कहर: महिला चालक ने दो सगे भाइयों को 500 मीटर घसीटा, दोनों की मौत
May 27, 2026 3:46 PM
हिसार। हिसार-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को उस समय चीखों से दहल उठा, जब एक तेज रफ्तार हैरियर कार ने आगे जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त कार में एक परिवार सवार था जो हिसार से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार स्टीयरिंग पर एक महिला का हाथ था और गाड़ी की रफ्तार बेहद तेज थी। नलवा गांव के पास कार ने बाइक को पीछे से ऐसी टक्कर मारी की देखने वालों की रूह कांप गई। टक्कर लगते ही बाइक हवा में उछली और डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी लेन में जा गिरी, जबकि दोनों भाई कार के नीचे फंस गए। रफ्तार के अनियंत्रित सैलाब में कार दोनों को करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटती हुई ले गई।
शोक जताने निकले थे घर से, खुद के घर में पसर गया मातम
हादसे का शिकार हुए राजपाल (68) और जिले सिंह (56) आपस में सगे भाई थे और गांव नलवा में एक साथ ही रहते थे। दोनों भाई अपने किसी करीबी रिश्तेदार की मौत पर शोक प्रकट करने के लिए बाइक से रालवास कलां गांव जा रहे थे। घर से निकलते वक्त उन्होंने फोन कर रिश्तेदारों को बता भी दिया था कि वे कुछ ही देर में पहुंच रहे हैं। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; रालवास कलां पहुंचने से पहले ही हाईवे पर मौत ने उनका रास्ता रोक लिया।
आखिरी डायल नंबर से खुला राज, एंबुलेंस चालक ने दी परिवार को खबर
इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद हाईवे पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस ड्राइवर ने जमीन पर लहुलूहान पड़े जिले सिंह की जेब से उनका मोबाइल निकाला। फोन लॉक न होने के कारण ड्राइवर ने आखिरी डायल नंबर पर कॉल की। संयोग से यह फोन उसी रिश्तेदार का था, जिसके घर दोनों भाई जा रहे थे। एंबुलेंस ड्राइवर की बात सुनते ही वहां कोहराम मच गया। इसके बाद बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है।
एक साल पहले खोया था जवान बेटा, अब उठ गई घर के बुजुर्गों की अर्थी
इस दोहरे हादसे ने नलवा गांव के इस हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। मृतकों के भांजे रविंद्र ने बताया कि दोनों भाइयों के दो-दो बच्चे हैं। बड़े भाई राजपाल पर पिछले साल ही दुखों का पहाड़ टूटा था, जब उनके जवान बेटे का बीमारी के चलते निधन हो गया था। अब घर में उनका दूसरा बेटा है जो खेतीबाड़ी संभालता है। वहीं छोटे भाई जिले सिंह के भी दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। पिता और ताऊ की एक साथ मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हैरियर कार को जब्त कर लिया है और आरोपी महिला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।