Hisar News: 'व्हाइट ड्रेस कोड' और अरेबिक डांस, महिलाओं को 'फ्री ड्रिंक' के ऑफर पर भड़के लोग
Jun 17, 2026 11:20 AM
हिसार। हरियाणा के हिसार में स्थित मशहूर होटल 'लेमन ट्री' आज एक विवादित आयोजन को लेकर चर्चाओं में आ गया है। होटल प्रबंधन की ओर से शहर में पहली बार 'अरेबिक डांस' और 'अरेबियन नियोन पार्टी' कराने का दावा किया जा रहा है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर ब्रांडिंग की गई। लेकिन इस पार्टी के प्रमोशन के लिए जारी किए गए एक पोस्टर ने शहर का माहौल गरमा दिया है। पोस्टर में अरेबिक पोशाक पहने एक महिला को दिखाया गया है और उस पर मोटे अक्षरों में लिखा है— "महिलाओं के लिए ड्रिंक फ्री।"
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा, संस्कृति पर उठाए सवाल
इस पोस्टर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने होटल प्रबंधन और आयोजकों की क्लास लगानी शुरू कर दी है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवियों ने इस तरह के ऑफर्स को हरियाणवी संस्कृति के खिलाफ बताया है। समाजसेवी राकेश दलाल ने तंज कसते हुए लिखा, "हिसार शहर, हरियाणा में महिलाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले काम सिखाने की सुविधा।" वहीं, एक अन्य यूजर आयुष बनवाला ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए यह पार्टी हो रही है। उन्होंने तंज कसा कि क्या बजरंग दल सिर्फ वैलेंटाइन डे पर ही जागेगा?
संचालक बोले 'मालूम नहीं', मैनेजर ने कहा- सिर्फ वोडका शॉट फ्री है
इस पूरे विवाद पर जब होटल के संचालक और हिसार बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान मोहित अरोड़ा से बात की गई, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम तो वे रेगुलर करते आए हैं। हालांकि, जब उनसे महिलाओं को मुफ्त शराब परोसने वाले विज्ञापन पर सवाल हुआ, तो उन्होंने कहा कि वे इस वक्त शहर से बाहर हैं और उन्हें इस ऑफर की कोई जानकारी नहीं है। दूसरी ओर, होटल के मैनेजर विवेक ने साफ किया कि पार्टी में आने का कोई एंट्री चार्ज नहीं है, लेकिन खाने-पीने के पैसे लगेंगे। उन्होंने माना कि महिलाओं के लिए सिर्फ 'वोडका शॉट' फ्री रखे गए हैं और पार्टी के लिए 'व्हाइट ड्रेस कोड' तय है।
हाल ही में बार एसोसिएशन का चुनाव हारे हैं होटल मालिक
विवादों में घिरे होटल लेमन ट्री के मालिक मोहित अरोड़ा हिसार की राजनीति और वकीलों के बीच जाना-माना नाम हैं। वे हिसार बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि अभी हाल ही में संपन्न हुए बार एसोसिएशन के चुनाव में मोहित अरोड़ा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस कड़े मुकाबले में प्रदीप बाजिया ने मोहित अरोड़ा को 113 वोटों के अंतर से हराकर प्रधानी की कुर्सी जीती थी। उस चुनाव में प्रदीप बाजिया को जहां 1066 वोट मिले थे, वहीं मोहित अरोड़ा महज 953 वोटों पर सिमट गए थे।