हिसार एयरपोर्ट खुशखबरी: 16 अप्रैल से फिर उड़ेंगे दिल्ली के लिए हवाई जहाज, जानें नया शेड्यूल
Apr 16, 2026 11:11 AM
हिसार। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई यात्रा का सपना देख रहे पश्चिमी हरियाणा के लोगों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। पिछले साल 16 दिसंबर को धुंध और सर्दियों के चलते बंद की गई हिसार-दिल्ली फ्लाइट सेवा 16 अप्रैल से फिर से पटरियों... यानी रनवे पर लौट रही है। नागरिक उड्डयन विभाग ने न केवल दिल्ली बल्कि जयपुर, चंडीगढ़ और रामनगरी अयोध्या के लिए भी नया फ्लाइट चार्टर जारी कर दिया है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
सप्ताह में 6 दिन दिल्ली और 2 दिन अयोध्या के दर्शन
नए शेड्यूल के मुताबिक, हिसार से दिल्ली के बीच हवाई जहाज शनिवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी 6 दिन उड़ान भरेगा। वहीं, धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अयोध्या, गुलाबी नगरी जयपुर और राजधानी चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में दो-दो दिन फ्लाइट्स का संचालन तय किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इन रूटों के शुरू होने से न केवल व्यापारियों को फायदा होगा, बल्कि दिल्ली जाने वाले यात्रियों के समय में भी भारी बचत होगी।
महंगा होगा सफर: 1 मई से बढ़ेंगे हवाई टिकटों के दाम
हवाई सेवाओं की बहाली की खुशियों के बीच यात्रियों के लिए एक झटके वाली खबर भी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार और वित्त मंत्रालय के फैसलों के चलते जेट फ्यूल (ATF) की कीमतों में तगड़ा उछाल आया है। फ्यूल के दाम 29.5 रुपये से बढ़कर सीधे 42 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। इसका सीधा असर एयरलाइंस के बजट पर पड़ा है, जिसकी भरपाई अब यात्रियों की जेब से होगी। एयरलाइंस कंपनियों ने साफ कर दिया है कि बढ़ा हुआ किराया 1 मई 2026 से प्रभावी होगा।
नाइट लैंडिंग की मंजूरी, लेकिन उड़ानें सिर्फ दिन में
तकनीकी मोर्चे पर हिसार एयरपोर्ट ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इसे 24 फरवरी 2026 को नाइट लैंडिंग की आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है, जिसका मतलब है कि अब यहां रात के अंधेरे में भी विमान उतर सकते हैं। हालांकि, अभी स्टाफ और लॉजिस्टिक्स की कमी के चलते परिचालन केवल एक ही शिफ्ट में रखा गया है। फिलहाल शाम 6 बजे के बाद कोई भी फ्लाइट टेक-ऑफ या लैंड नहीं करेगी। एयरपोर्ट प्रशासन जल्द ही दूसरी शिफ्ट शुरू करने की तैयारी में है, जिसके बाद रात के समय भी आसमान में विमानों की गड़गड़ाहट सुनाई देगी।