Search

हिसार में महंगाई का महा-विस्फोट: पहली बार ₹100 के पार हुआ पेट्रोल, सब्जियां हुईं दोगुनी महंगी

May 19, 2026 1:40 PM

हिसार। हिसार के वासियों को महंगाई का अब तक का सबसे तगड़ा करंट लगा है। जिले में पेट्रोल के दाम अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छूते हुए पहली बार 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गए हैं। वहीं, माल ढुलाई में इस्तेमाल होने वाला डीजल भी 92.54 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर आ गया है। तेल के खेल ने सीधे तौर पर बाजार के पूरे गणित को बिगाड़ कर रख दिया है। बाहर के राज्यों और दूर-दराज के इलाकों से आने वाली खाने-पीने की चीजों का ट्रांसपोर्टेशन चार्ज (मालभाड़ा) बढ़ने से थोक और खुदरा बाजारों में अचानक आग लग गई है।

मंडियों में फलों के दाम आसमान पर, जूस पीना हुआ दूभर

ईंधन में लगी इस आग का सबसे सीधा और बड़ा प्रहार फलों के बाजार पर हुआ है। बाहर से आयात होने वाले फल अब आम आदमी की थाली से गायब होने की कगार पर हैं। हिसार की मुख्य सब्जी व फल मंडी में सेब और अनार की कीमतें 250 से 300 रुपये प्रति किलो के बीच चल रही हैं। वहीं, जो मौसमी कुछ दिन पहले तक बेहद सस्ती थी, वह अब 100 रुपये किलो के भाव बिक रही है, जिसके चलते शहर के जूस काउंटर्स ने भी प्रति गिलास रेट बढ़ा दिए हैं। नारियल पानी का एक पीस अब 70 से 90 रुपये के बीच मिल रहा है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला उछाल केले के दामों में आया है; एक हफ्ता पहले जो केला 40 रुपये दर्जन था, उसकी कीमत आज 70 रुपये दर्जन तक पहुंच गई है।

वीटा-अमूल के बाद लोकल डेयरियों ने भी बढ़ाए दाम, घी भी हुआ महंगा

महंगाई की यह तपिश सिर्फ फल-सब्जियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने सुबह के नाश्ते का बजट भी बिगाड़ दिया है। वीटा और अमूल द्वारा अपने पैकेट बंद दूध में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने के बाद अब शहर की निजी और लोकल डेयरियों ने भी हाथ ऊंचे कर दिए हैं। हिसार के विजय डेयरी संचालक विजय कुमार ने बताया कि गाय और भैंस का मिक्स खुला दूध, जो पहले 62 रुपये प्रति लीटर आसानी से मिल जाता था, उसके दाम बढ़ाकर अब 65 रुपये करने पड़े हैं। दूध महंगा होने का सीधा असर उप-उत्पादों पर पड़ा है; बाजार में 650 रुपये किलो बिकने वाला देसी घी अब सीधे 700 रुपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गया है, जिससे त्योहारों और शादियों के इस सीजन में आम उपभोक्ताओं की कमर टूट गई है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!