Search

हिसार पुलिस का एक्शन: कॉलेज के बाहर छात्राओं को परेशान करने वाले 3 युवक हवालात में

May 10, 2026 11:39 AM

हिसार। हिसार में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अब और भी सख्त तेवर अपना रही है। जिला पुलिस की महिला समर्पित टीम ने आज शहर के एक कॉलेज के बाहर 'ऑपरेशन मजनू' जैसी मुस्तैदी दिखाते हुए तीन मनचलों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

ये तीनों युवक कॉलेज के मुख्य द्वार पर खड़े होकर अंदर आने-जाने वाली छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां और इशारे कर रहे थे। छात्राओं की परेशानी को भांपते हुए सादी वर्दी में गश्त कर रही टीम ने घेराबंदी कर इन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

एसआई ममता की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

महिला समर्पित टीम की प्रभारी सब-इंस्पेक्टर ममता अपनी टीम के साथ सुरक्षा ऑडिट पर थीं। इसी दौरान उन्होंने देखा कि तीन लड़के कॉलेज के गेट को ब्लॉक करके खड़े हैं और वहां से गुजरने वाली लड़कियों को असहज कर रहे हैं। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया।

पूछताछ में और थाने की सख्ती के बाद तीनों ने अपनी हरकत स्वीकार की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें हवालात भेज दिया है।

एसपी की सख्त चेतावनी: सादी वर्दी में हर कोने पर है पुलिस की नजर

हिसार के पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धांत जैन ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के स्कूलों, कॉलेजों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला पुलिस की विशेष टीमें सादी वर्दी में तैनात की गई हैं ताकि मनचलों की पहचान की जा सके। एसपी ने अपील की है कि यदि कोई भी छात्रा या महिला खुद को असुरक्षित महसूस करती है या कोई उन्हें परेशान करता है, तो वे बिना डरे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1091 या 112 पर फोन करें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!