हिसार में भारी हंगामा: अतिक्रमण हटाने पहुंचे HSVP के SDO पर डंडा लेकर दौड़ा दुकानदार, पुलिस ने दबोचा
May 19, 2026 5:15 PM
हिसार। हिसार के रिहायशी और व्यावसायिक इलाके सेक्टर-14 में मंगलवार को एचएसवीपी की तोड़फोड़ और अतिक्रमण हटाओ मुहिम के दौरान जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। दोपहर के वक्त जब प्राधिकरण की टीम भारी पुलिस बल के साथ मार्केट में दुकानों के बाहर किए गए अवैध कब्जों को साफ करा रही थी, तभी स्थानीय दुकानदार विरोध पर उतर आए। इसी बीच एक दुकानदार का गुस्सा इस कदर भड़का कि वह अपनी दुकान से सीधे डंडा उठाकर टीम की अगुवाई कर रहे एसडीओ रामप्रसाद की तरफ उन्हें पीटने के लिए दौड़ पड़ा।
एसडीओ को दीं गालियां, पुलिस ने मौके से दबोचा
चश्मदीदों के मुताबिक, डंडा लेकर आए दुकानदार ने सरेआम एसडीओ के साथ न सिर्फ धक्का-मुक्की की, बल्कि उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां भी दीं। अचानक हुए इस हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और अन्य दुकानदार भी वहां जमा हो गए। हालात बिगड़ते देख एसडीओ रामप्रसाद ने तुरंत साथ चल रहे पुलिसकर्मियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर दुकानदार को मौके पर ही काबू किया और उसे घसीटते हुए पुलिस वैन में डालकर सीधे थाने ले गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
"कम से कम सामान हटाने का तो वक्त देते"
दूसरी तरफ, बाजार के व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन की यह कार्रवाई पूरी तरह एकतरफा और अचानक की गई थी। हिरासत में लिए गए दुकानदार का तर्क था कि टीम को सीधे पीला पंजा चलाने या सामान जब्त करने की बजाय कम से कम एक घंटे की मोहलत देनी चाहिए थी, ताकि लोग अपना कीमती सामान समेट सकें। बहरहाल, सरेआम हुए इस दुर्व्यवहार से नाराज एसडीओ ने पुलिस अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और लोक सेवक पर हमले की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। थाना पुलिस फिलहाल लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।