Search

हिसार सोनिया हत्याकांड: "मेरे पापा को फांसी दो", 9 साल की बेटी की पुकार ने रुलाया शहर

May 07, 2026 12:00 PM

हिसार। हिसार की संत नगर निवासी टीचर सोनिया की बेरहमी से की गई हत्या ने पूरे शहर की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। बुधवार शाम शहर की सड़कों पर न्याय की मांग को लेकर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने हाथ में मोमबत्तियां और पोस्टर लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का एक ही सुर था— मुख्य आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और इस जघन्य कांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा।

"मेरे पापा को फांसी दो": मासूम के आंसुओं ने झकझोरा शहर

कैंडल मार्च के दौरान सबसे भावुक कर देने वाला मंजर तब दिखा जब सोनिया की 9 साल की मासूम बेटी हाथ में पोस्टर लिए मार्च की अगुवाई कर रही थी। उस नन्हीं जान के शब्दों ने पत्थर दिल इंसान को भी रुला दिया। उसने सिसकते हुए कहा, "मेरे पापा ने मेरी मां को मारा है, उन्हें फांसी की सजा मिलनी चाहिए। जब तक उन्हें सजा नहीं मिलेगी, मैं और मेरा परिवार सुरक्षित नहीं हैं।" बच्ची ने भरे गले से संकल्प लिया कि वह अपनी मां का सपना पूरा करने के लिए बड़ी अधिकारी बनेगी, लेकिन आज उसे सिर्फ अपनी मां के लिए न्याय चाहिए।

डोगरान मोहल्ला से पारिजात चौक तक गूंजे नारे

यह कैंडल मार्च शाम करीब 6 बजे संत नगर स्थित बाबा बंदा बहादुर गुरुद्वारे से शुरू हुआ। मार्च डोगरान मोहल्ला, राजगुरु मार्केट और नागोरी गेट जैसे व्यस्त इलाकों से होता हुआ पारिजात चौक पर संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। अधिवक्ता लाल बहादुर खोवाल और डॉ. रमेश पूनिया समेत कई बड़े नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने जल्द ही मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो इस आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। हरियाणा व्यापार मंडल ने तो 11 मई को नागोरी गेट पर बड़े धरने का ऐलान भी कर दिया है।

SIT का गठन: 6 टीमें खाक छान रहीं, पुलिस ने दिया आश्वासन

मामले की बढ़ती गंभीरता और जनता के आक्रोश को देखते हुए हिसार पुलिस ने आनन-फानन में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। SIT प्रमुख डीएसपी किशोरी लाल ने खुद पीड़ित परिवार के घर जाकर उनसे मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि आरोपी चाहे पाताल में भी छिपा हो, उसे ढूंढ निकाला जाएगा। पुलिस के मुताबिक, 6 अलग-अलग टीमें तकनीकी जांच और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की गुप्त सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!