स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा का तलाक: हिसार कोर्ट में आपसी सहमति से अलग हुए दो दिग्गज खिलाड़ी
Apr 11, 2026 12:11 PM
हिसार। हरियाणा के खेल गलियारों में 'आदर्श जोड़ी' मानी जाने वाली स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा का रिश्ता अब आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया है। शनिवार को हिसार कोर्ट परिसर में हुई सुनवाई के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से कानूनी रूप से अलग होने के फैसले पर मुहर लगा दी। अर्जुन अवार्ड विजेता स्वीटी बूरा और भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा के बीच पिछले कई महीनों से अनबन की खबरें सुर्खियां बन रही थीं, लेकिन अब अदालत के फैसले के बाद दोनों ने अपनी-अपनी राहें अलग कर ली हैं।
2022 में हुई थी शादी, फरवरी 2025 से शुरू हुई थी खटास
स्वीटी और दीपक ने साल 2022 में एक भव्य समारोह के दौरान सात फेरे लिए थे। मुक्केबाजी की रिंग और कबड्डी के मैट पर सफल रहने वाली इस जोड़ी के निजी जीवन में उथल-पुथल की शुरुआत फरवरी 2025 में हुई। सूत्रों की मानें तो आपसी तालमेल में कमी और व्यक्तिगत मतभेदों के चलते दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं। मामला कोर्ट तक पहुंचा और लंबे समय तक चली काउंसलिंग और बातचीत के बाद भी जब सुलह की कोई गुंजाइश नहीं बची, तो दोनों ने सम्मानजनक तरीके से अलग होना ही बेहतर समझा।
कोर्ट में स्वीटी की दो टूक, दीपक ने साध रखी है चुप्पी
अदालत की कार्रवाई के दौरान स्वीटी बूरा ने अपना रुख साफ करते हुए कहा कि परिस्थितियों के मद्देनजर अब दीपक हुड्डा के साथ वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाना मुमकिन नहीं है। वहीं, दूसरी ओर दीपक हुड्डा इस पूरे प्रकरण पर मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। उन्होंने निजी जिंदगी के इस मुश्किल दौर में चुप्पी साधे रखना ही उचित समझा। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और आपसी सहमति को देखते हुए तलाक की डिक्री जारी कर दी है।
खेल पर रहेगा अब पूरा फोकस
रिश्तों के इस उतार-चढ़ाव के बीच दोनों खिलाड़ियों के प्रशंसकों को उम्मीद है कि वे अब अपने करियर पर दोबारा पूरी एकाग्रता के साथ ध्यान दे पाएंगे। स्वीटी बूरा जहां मुक्केबाजी में देश के लिए पदक जीतने का जज्बा रखती हैं, वहीं दीपक हुड्डा कबड्डी की दुनिया में एक बड़ा नाम हैं। भले ही दोनों का घरेलू सफर खत्म हो गया हो, लेकिन हरियाणा और देश को उम्मीद है कि खेल के मैदान पर इन दोनों सितारों की चमक बरकरार रहेगी।