Search

Rajasthan News: झुंझुनूं बेकाबू ट्रेलर ने तंबू में सो रहे 7 मजदूरों को कुचला, 2 बच्चियों समेत 3 की मौत

Apr 10, 2026 2:28 PM

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गुड़ा गौड़जी थाना क्षेत्र के नांगली निर्वाण गांव में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक बेकाबू ट्रेलर रिवर्स करते समय तंबू में घुस गया। इस हादसे में दो नाबालिग लड़कियों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। यह सभी मजदूर परिवार के सदस्य थे, जो खेत में प्याज की खुदाई के लिए आए थे और तंबू लगाकर सो रहे थे। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचला

पुलिस के अनुसार, झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ तहसील से आए दो परिवारों के 12 लोग खेत में तंबू लगाकर रह रहे थे। शुक्रवार सुबह ट्रेलर चालक वाहन को रिवर्स कर रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर तंबू में घुस गया। उस समय सभी लोग गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

तीन लोगों की मौत, कई घायल

इस हादसे में डोड्डी निवासी मुन्नाराम की 13 वर्षीय बेटी प्रियंका और बिजौली निवासी सुरेश की 12 वर्षीय बेटी मोहिनी उर्फ मोड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुरेश की पत्नी छोटकी उर्फ होठकी ने झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में सुनील, संजय, संजीत और रवीना घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को जयपुर रेफर

गंभीर रूप से घायल सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। वहीं, रवीना (20) का इलाज झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

थाने का घेराव, मुआवजे की मांग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने गुड़ा गौड़जी थाने का घेराव कर नारेबाजी की और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में रखवाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!